रायपुर। कबीरधाम जिले के खारा स्थित लौह अयस्क खदान की नीलामी डेढ़ गुना से अधिक कीमत पर हुई है। श्याम मिनरल कॉर्पोरेशन ने 165% अधिक बोली लगाकर खदान हासिल की। इससे राज्य सरकार को डीएमएफ सहित विभिन्न मदों में करीब ₹150 करोड़ के राजस्व की प्राप्ति का अनुमान है।
9 कंपनियों ने दिखाई रुचि, 5 पहुंचीं फाइनल राउंड में
खारा क्षेत्र में करीब 301 हेक्टेयर में फैली लौह अयस्क खदान के लिए कई नामी कंपनियों ने रुचि दिखाई थी। नीलामी प्रक्रिया केंद्र सरकार की एजेंसी MMTC के माध्यम से कराई गई। कुल 9 कंपनियां टेक्निकल क्वालीफाई हुईं। अंतिम नीलामी में शीर्ष 5 कंपनियों को मौका मिला, जिनमें रूंगटा एंड संस, ज्योडिरा प्रा.लि., एम स्टील और श्याम मिनरल कॉर्पोरेशन शामिल थीं।
जिले की पहली लौह अयस्क खदान
कबीरधाम जिले में लौह अयस्क की यह पहली खदान है जिसकी नीलामी हुई है। अब तक जिला मुख्य रूप से बॉक्साइट और चूना पत्थर की खदानों को लेकर चर्चा में रहा है। अधिकारियों के अनुसार खदान से DMF और अन्य मदों में करीब 150 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है।


