टीआरपी। रायपुर रेल मंडल और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने यात्रियों को कम मात्रा में चाय परोसने और IRCTC व रेलवे के अधिकृत लोगो का अवैध इस्तेमाल करने वाली फर्म पर बड़ी छापेमारी की है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में गुढ़ियारी स्थित आदित्य पेपर फर्म से 14 बोरे कम क्षमता वाले फर्जी लोगो वाले कप जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई सीधे तौर पर रायपुर स्टेशन से यात्रा करने वाले हजारों दैनिक रेल यात्रियों के हितों और उनकी जेब से जुड़ी है। चाय के कपों का साइज निर्धारित 170/150 ML से कम रखकर यात्रियों को आर्थिक चपत लगाई जा रही थी। इस सख्त एक्शन से न केवल वेंडरों में डर पैदा होगा, बल्कि यात्रियों को सही कीमत पर तय मात्रा और गुणवत्तापूर्ण पेय पदार्थ मिलना सुनिश्चित होगा।
रायपुर स्टेशन से गुढ़ियारी फैक्ट्री तक जांच की आंच
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अवधेश कुमार त्रिवेदी को रायपुर स्टेशन के स्टालों पर चाय के कपों की क्षमता (साइज) कम होने का संदेह हुआ था। जांच करने पर पता चला कि इन कपों की सप्लाई नर्मदापारा के रवि ट्रेडिंग द्वारा की जा रही थी। कड़ाई से पूछताछ में रवि ट्रेडिंग ने बताया कि वे ये कप गुढ़ियारी स्थित आदित्य पेपर फर्म से खरीदते थे। इसके बाद रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त जाल बिछाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर एसडीएम नंद कुमार चौबे और नापतोल विभाग के निरीक्षक जीवंत सिंह कंवर ने गुढ़ियारी स्थित फैक्ट्री में दबिश दी। रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम को वहां भारी अनियमितता मिली। मौके से कम क्षमता वाले कपों के 14 बोरे सील कर जब्त किए गए हैं, जबकि नापतोल विभाग ने 20 कप मापन क्षमता की सटीक जांच के लिए लैब भेजे हैं। इस पूरी कार्रवाई में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टी नाग, अभिजीत डे, धनंजय और चीफ पब्लिसिटी इंस्पेक्टर शिवप्रसाद की मुख्य भूमिका रही।

फर्जी ब्रांडिंग पर रेलवे सख्त, होगी कानूनी कार्रवाई
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को परोसे जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के निर्धारित मानकों में कोई समझौता नहीं होगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जी ब्रांडिंग या रेलवे-IRCTC के लोगो के दुरुपयोग पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे किसी भी गड़बड़ी की शिकायत तुरंत हेल्पलाइन नंबर 139 या रेल मदद पर दर्ज कराएं।
रेलवे और नापतोल विभाग की संयुक्त टीम ने गुढ़ियारी स्थित फर्म से कम साइज वाले चाय कप के 14 बोरे सील कर जब्त किए हैं।
निर्धारित मानक के अनुसार स्टेशन पर चाय के लिए 170/150 ML साइज का कप होना अनिवार्य है, जिसमें हेराफेरी की जा रही थी।
जब्त किए गए सैंपलों की नापतोल विभाग द्वारा जांच रिपोर्ट आते ही संबंधित फर्म और सप्लायर के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और धोखाधड़ी के तहत कड़ी कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।



