बिलासपुर। अवैध खनिज कारोबार पर प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। रतनपुर के लिम्हा गांव स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो को सील कर दिया गया और मौके से करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया। कार्रवाई में ट्रेलर, लोडर और दो जेसीबी भी सील की गईं, जबकि दो हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।

कलेक्टर-SSP की चेतावनी के घंटों बाद छापा

दरअसल कलेक्टर और SSP ने कोल डिपो संचालकों के साथ बैठक कर सख्त चेतावनी दी थी। इसके कुछ ही घंटों बाद खनिज विभाग की टीम ने रतनपुर क्षेत्र के ग्राम लिम्हा में छापेमारी कर दी। जांच में सामने आया कि डिपो का भंडारण लाइसेंस पहले ही खत्म हो चुका था, फिर भी अवैध रूप से कोयले का भंडारण और कारोबार चल रहा था।

शासकीय जमीन पर उत्खनन

संयुक्त जांच टीम को मौके पर शासकीय भूमि पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन के संकेत भी मिले। टीम ने तुरंत दो जेसीबी मशीनें जब्त कर लीं। कार्रवाई की भनक लगते ही दो हाइवा वाहनों के चालक गाड़ी छोड़कर भाग गए। दोनों हाइवा को भी सील कर रतनपुर थाने की अभिरक्षा में रख दिया गया है।

See also  सीजी ब्रेकिंग: PUB-G गेम के लिए बिना कपड़ों के हाथ-पैर बंधी अपनी तस्वीर भेज कर रची किडनैपिंग की झूठी कहानी, घर वालों से कहा-तुम्हारा बेटा मेरे कब्जे में…

पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी में भी कार्रवाई

खनिज विभाग ने पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी इलाको में भी जांच अभियान चलाया। पचपेड़ी में अवैध चूना पत्थर ले जा रहा एक हाइवा जब्त किया गया, वहीं लावर में अवैध रेत परिवहन करते दो हाइवा पकड़े गए।

प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए विशेष निगरानी टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और आने वाले दिनों में और सघन अभियान चलाए जाएंगे। लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप है।