टीआरपी डेस्क: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के बाद अहमदाबाद से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। रविवार देर रात रनर-अप रही गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की टीम बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते बस के अंदर तेजी से धुआं फैलने लगा। गनीमत यह रही कि समय रहते सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाई और सभी खिलाड़ियों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल लौटते वक्त हुआ हादसा
यह डरा देने वाली घटना रविवार देर रात की है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium Ahmedabad) में आईपीएल का खिताबी मुकाबला खेलने के बाद टीम बस से अपने होटल वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में बस के इलेक्ट्रिकल सिस्टम में शॉर्ट सर्किट हो गया।
धुआं उठते ही ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गुजरात टाइटंस फ्रेंचाइजी ने तुरंत दूसरी बस (Alternative Team Bus) का इंतजाम किया और सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित होटल पहुंचाया। टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने इस घटना के बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो भी शेयर की है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई भी खिलाड़ी या स्टाफ घायल नहीं हुआ है।
5 विकेट से फाइनल हारी गुजरात, बेंगलुरु बनी चैंपियन
इस हादसे से ठीक पहले मैदान पर भी गुजरात टाइटंस का दिल टूटा था। आईपीएल 2026 के महामुकाबले (IPL 2026 Final Match) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात को 5 विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ ही गुजरात टाइटंस का दूसरी बार चैंपियन बनने का सपना टूट गया।


