रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े चेहरों में से एक और राज्यसभा सांसद संजय सिंह 7 जून को रायपुर आ रहे हैं। उनका यह दौरा सिर्फ एक दिन का होगा। लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर हलचल तेज है।
राजधानी के शहीद स्मारक भवन में एक बहुत बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन होने जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ के आप प्रभारी मुकेश अहलावत भी खास तौर पर मौजूद रहेंगे।
संदीप पाठक के जाने के बाद पहला बड़ा दांव
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब छत्तीसगढ़ के ही रहने वाले राज्यसभा सांसद संदीप पाठक हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। संदीप पाठक का जाना छत्तीसगढ़ ‘आप’ के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था। इसके बाद से ही यहां के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी निराशा देखी जा रही थी। बिखरे हुए कुनबे को दोबारा जोड़ने के लिए संजय सिंह खुद मैदान में उतर रहे हैं। उनका मुख्य लक्ष्य रूठे और मायूस कार्यकर्ताओं में फिर से नई जान फूंकना है।
रायपुर में बनेगी नई रणनीति
आप कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय झा ने बताया कि इस सम्मेलन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। इस बैठक में केवल भाषणबाजी नहीं होगी। संगठन को गांव-गांव तक कैसे मजबूत करना है, इस पर खुली चर्चा होगी। आने वाले चुनावों को लेकर पार्टी अपनी नई रणनीति का खाका यहीं तैयार करेगी। इस कार्यक्रम में पूरे छत्तीसगढ़ से सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों को रायपुर बुलाया गया है।
ये बड़े नेता जुटे तैयारियों में
इस बड़े सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, देवलाल नरेटी और अभिषेक मिश्रा खुद पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इनके साथ ही पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, मुन्ना बिसेन और मिहिर कुर्मी जैसे बड़े चेहरे दिन-रात प्रचार-प्रसार में लगे हैं।



