रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार देर रात हुई हाईलेवल बैठक के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने बैठक को लेकर तंज कसा तो भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने ऐसा पलटवार किया कि सब सन्न रह गए। चंद्राकर ने दो टूक कहा कि सरकार में सब कुछ ठीक है, असली विस्फोटक स्थिति तो कांग्रेस के भीतर है।
कांग्रेस को बताया अप्रासंगिक
मीडिया से बात करते हुए अजय चंद्राकर ने साफ किया कि देर रात वाली बैठक कोई बड़ी बात नहीं है, ये बस कामकाज का हिस्सा है। उन्होंने कहा, सरकार और संगठन के बीच तालमेल के लिए ऐसी बैठकें होती रहती हैं। कांग्रेस इसे मुद्दा बनाकर अपनी सियासी जमीन ढूंढ रही है, जबकि वो पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुकी है।
राहुल गांधी पर कसा तंज
21 जून को होने वाले राहुल गांधी के दौरे पर चंद्राकर ने चुटकी ली। उन्होंने पूछा, क्या राहुल गांधी के लिए भी वही गुलाब मंगाए जा रहे हैं जो प्रियंका वाड्रा के लिए मंगाए गए थे? उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को प्रशिक्षण की जरूरत क्यों पड़ रही है, ये किसी को समझ नहीं आ रहा।
इतना ही नहीं, उन्होंने भूपेश बघेल का नाम लेते हुए कहा कि राहुल गांधी शायद उन्हें बधाई देने आ रहे होंगे, क्योंकि जहां-जहां बघेल जाते हैं, वहां कांग्रेस को हार ही मिलती है।
शराब से लेकर NEET तक घेरा
प्रदेश में चल रही शराब ओवररेटिंग के मुद्दे पर भी चंद्राकर ने कांग्रेस को आईना दिखाया। उन्होंने कहा कि जिन्हें खुद भ्रष्टाचार का लंबा अनुभव हो, उन्हें नैतिकता की बात नहीं करनी चाहिए। वहीं, NEET पेपर मामले पर विपक्ष के हंगामे को उन्होंने सिर्फ एक नैरेटिव बताया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी ली है, जो कांग्रेस के समय कभी नहीं होता था।
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में भाजपा संगठन और सरकार के बीच इस तरह की और भी बैठकें होंगी ताकि सरकारी योजनाओं को जनता तक बेहतर ढंग से पहुंचाया जा सके। अब देखना ये है कि कांग्रेस इस तीखे हमले का क्या जवाब देती है।



