अंबिकापुर। शहर के बाल संप्रेक्षण गृह से कल देर शाम बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। तेज बारिश के दौरान बिजली गुल होने का फायदा उठाकर 11 अपचारी बालक खिड़की तोड़कर और दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना के बाद प्रबंधन में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।

बाल संप्रेक्षण गृह में कार्यरत हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने बताया कि देर शाम बादलों की गड़गड़ाहट के बीच तेज बारिश के दौरान बिजली गुल हो गई। इसी का फायदा उठाकर अपचारी बालकों ने पहले खिड़की तोड़ी, फिर पीछे की दीवार फांदकर मौके से भाग निकले। 

गेट पर थे 2 सुरक्षाकर्मी, फिर भी भागे बालक

हैरानी की बात ये है कि घटना के समय संप्रेक्षण गृह के मुख्य गेट पर दो सुरक्षा कर्मी तैनात थे। इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में बालकों का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

फरार बालकों में दुष्कर्म और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के आरोपी भी शामिल हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फरार सभी 11 अपचारी बालकों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया है। फिलहाल आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और फरार बालकों का सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।

See also  Cruel Punishment : कक्षा दूसरी की छात्रा से कराए गए 100 उठक-बैठक, पैरों के मसल्स क्रैक, चलना-फिरना भी मुश्किल…