Modi cabinet reshuffle : नई दिल्ली/चंडीगढ़। मोदी कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा के बीच भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पंजाब के अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिए और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

बता दें कि आज ही केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने आज राज्यसभा में अपना छह साल का कार्यकाल समाप्त होने और पार्टी द्वारा संसद के उच्च सदन में उन्हें फिर से मनोनीत नहीं किए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दिया है।

केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के इस्तीफे के बाद मोदी कैबिनेट में संभावित फेरबदल की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा या सहयोगी दलों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नितिन नवीन का मंगलवार को लुधियाना से चंडीगढ़ लौटने और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करने का कार्यक्रम था। इसके बाद उन्हें भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के चंडीगढ़ स्थित आवास पर भी जाना था। शाम को उनके दिल्ली रवाना होने की योजना थी, लेकिन उन्होंने अपना दौरा बीच में ही समाप्त कर दिया।

See also  BJP Meeting at Amit Shah Residence: अमित शाह के आवास पर भाजपा की बड़ी बैठक, चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल और संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी

बताया जा रहा है कि नवीन चंडीगढ़ पहुंचे बिना ही लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट से सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर उनकी राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात हुई, जहां भाजपा महासचिव तरुण चुघ और राज्यसभा सांसद विक्रमजीत साहनी भी मौजूद थे।

इस बीच, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हाल ही में वह पहली बार भाजपा की पंजाब में आयोजित एक सार्वजनिक बैठक में नितिन नवीन के साथ दिखाई दिए थे। इसके बाद से ही यह चर्चा शुरू हो गई कि भाजपा आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकती है।

Modi cabinet reshuffle : मंत्री बनने की अटकलें तेज

केंद्र सरकार में संभावित फेरबदल को लेकर यह भी चर्चा है कि राघव चड्ढा को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को राज्यसभा का टिकट नहीं मिलने के बाद भाजपा पंजाब से किसी नए और प्रभावशाली चेहरे को केंद्र में अवसर दे सकती है। हालांकि, पार्टी ने अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया है।

See also  Bengal Election Voting Phase 1: बंगाल में पहले चरण 152 सीटों और तमिलनाडु में सभी सीटों पर मतदान कल, संवेदनशील बूथों पर फोर्स तैनात

Modi cabinet reshuffle : संगठन में भी बदलाव की संभावना

बता दें कि, भाजपा ने इसी महीने 9 जून को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की थी। जनवरी में पार्टी अध्यक्ष का पद संभालने वाले नितिन नवीन की नई टीम की घोषणा भी जल्द होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बदलाव की तैयारी चल रही है। कुछ नेताओं को सरकार से संगठन में और संगठन से सरकार में जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।

सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाले दिनों में मंत्रिपरिषद में फेरबदल कर सकते हैं। हालांकि, संभावित बदलावों को लेकर अभी तक पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।