जगदलपुर। जिले में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण के बाद भी प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर नहीं हो सकी है। हालात यह हैं कि 307 प्राथमिक विद्यालय आज भी सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। चिंता की बात यह है कि पहले एकल शिक्षकीय स्कूलों की संख्या 292 थी, जो अब बढ़कर 307 हो गई है।

मृत्यु, त्यागपत्र और दूसरी नौकरी से बढ़ी समस्या

अधिकारियों के मुताबिक, कई प्रधान अध्यापकों की मृत्यु, कुछ शिक्षकों के दूसरी नौकरी में चयन और त्यागपत्र देने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। एक ही शिक्षक को पढ़ाई के साथ प्रशासनिक कार्य, मिड-डे मील, रिकॉर्ड संधारण और अन्य सरकारी जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ रही हैं।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सवाल

एक शिक्षक पर पूरा स्कूल चलाने का दबाव है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिलेगी? युक्तियुक्तकरण का उद्देश्य स्कूलों में शिक्षकों का संतुलित वितरण था, लेकिन जमीनी तस्वीर बताती है कि कई स्कूल अब भी पर्याप्त शिक्षकों का इंतजार कर रहे हैं।

See also  रद्दी में मिले स्कूली किताबों के मामले में बड़ी कार्रवाई, पाठयपुस्तक प्रभारी समेत 3 निलंबित

नई भर्ती के बिना नहीं होगा समाधान

शिक्षा विभाग का कहना है कि जब तक नई शिक्षक भर्ती पूरी नहीं होती और उनकी पदस्थापना नहीं होती, तब तक एकल शिक्षकीय विद्यालयों की संख्या में कमी आना संभव नहीं है। 

बहरहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बच्चों का भविष्य लंबे समय तक सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे छोड़ दिया जाएगा, या फिर सरकार जल्द भर्ती कर इन स्कूलों को पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराएगी?