टीआरपी डेस्क। राजधानी रायपुर से सटे नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है। इस मामले में आज कांग्रेस अपनी विशेष जांच समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने जा रही है, जिसके बाद 10 जुलाई को पार्टी का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल सीधे राज्यपाल से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाएगा।

कांग्रेस करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

दरअसल, नकटी गांव में बारिश के मौसम के बीच 85 परिवारों के घरों पर चले प्रशासन के बुलडोजर को कांग्रेस ने एक बड़ा मुद्दा बना लिया है। आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर (राजीव भवन) में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू, पूर्व मंत्री शिव डहरिया, कुमार मेनन और राजेंद्र पप्पू बंजारे समेत जांच समिति के सदस्य एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। इस दौरान वे जांच रिपोर्ट के जरिए सरकार की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाएंगे।

10 जुलाई को राजभवन में दस्तक, 15 सदस्यीय टीम सौंपेगी ज्ञापन

गौरतलब है कि कांग्रेस सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस तक ही रुकने वाली नहीं है, बल्कि इस लड़ाई को सीधे राजभवन तक ले जाने की पूरी तैयारी कर चुकी है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से राज्यपाल के एडीसी (ADC) को बाकायदा एक आधिकारिक पत्र भेजा जा चुका है।

See also  राजिम कुंभ कल्प के समापन पर सीरियल रामायण के 'राम' अरुण गोविल देंगे प्रस्तुति

इस पत्र के मुताबिक, पार्टी का 15 सदस्यीय वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को माननीय राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे बारिश के इस मौसम में बेघर हुए 85 प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उनके उचित पुनर्वास की मांग को लेकर राज्यपाल महोदय को ज्ञापन सौंपेंगे।