रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने देशभर में संगठनात्मक चुनावों की घोषणा के साथ ही छत्तीसगढ़ में भी नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इस बार संगठन में कैंपस स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए नए पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।

चुनाव प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में प्रदेश के सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में कैंपस अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। छात्र-छात्राएं सीधे मतदान कर अपने कॉलेज या विश्वविद्यालय के अध्यक्ष का चयन करेंगे। संगठन का उद्देश्य छात्र नेतृत्व को मजबूत करना और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है।

दूसरे चरण में कैंपस स्तर पर चुने गए प्रतिनिधियों के आधार पर जिला और प्रदेश इकाइयों का गठन किया जाएगा। इसके बाद नई जिला कार्यकारिणी और प्रदेश कार्यकारिणी का गठन होगा। चुनाव में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों की आयु 16 से 27 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

See also  दिल्ली विधानसभा चुनाव: केजरीवाल को तीसरी बार दिल्ली का ताज तय; उपमुख्यमंत्री सिसोदिया पीछे, आप 58, बीजेपी 12 पर आगे, कांग्रेस का खाता नहीं खुला

एनएसयूआई ने सदस्यता अभियान भी शुरू करने की तैयारी कर ली है। संगठन की सदस्यता शुल्क 45 रुपये तय किया गया है। चुनाव लड़ने और मतदान करने के लिए सदस्यता लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए प्रदेशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र संगठन से जुड़ सकें।

चुनाव की घोषणा के बाद छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे अंतराल के बाद संगठन में चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से नई नेतृत्व टीम का चयन होगा। माना जा रहा है कि इससे छात्र राजनीति में नई ऊर्जा आएगी और युवाओं को संगठन के भीतर नेतृत्व विकसित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

एनएसयूआई की ओर से जल्द ही चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत समय-सारिणी जारी की जाएगी। इसके बाद सदस्यता अभियान, नामांकन, प्रचार और मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। संगठन का कहना है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराई जाएगी, ताकि सभी स्तरों पर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

See also  लालपुर की फल मंडी में उमड़ी भीड़, प्रशासन ने मंडी को किया सील