बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा पूजा सिंह की आत्महत्या के मामले में आक्रोश फूट पड़ा है। गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुलिस परिवार के लोग सड़कों पर उतर आए। थाने का घेराव और NH-343 पर चक्काजाम कर आईसी मार्ट संचालक की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने मार्ट को सील कर 3 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस लाइन में रहने वाले आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी पूजा सिंह कक्षा 11वीं की छात्रा थी। 7 जुलाई को वह अपनी बहन के साथ संजय चौक स्थित आईसी मार्ट सामान लेने गई थी।

बताया जा रहा है कि, आईसी मार्ट संचालक ने छात्रा पर करीब 1500 रुपए के कॉस्मेटिक सामान पैसे दिए बिना रखने का आरोप लगाया। हालांकि, छात्रा और उसकी बहन सामान लेकर दुकान से बाहर नहीं निकली थीं।

आरोप है कि दुकान संचालक ने छात्रा को डांटा और उससे एक कागज पर सामानों की लिस्ट बनाई और उसमें लिखवाया कि, मैं पूजा और मेरी बहन छाया आईसी मार्ट से चोरी किए हैं। संचालक ने दोनों का हस्ताक्षर कराया। मार्ट संचालक ने उनकी स्कूटी अपने पास रख ली। इसके बाद स्कूटी वापस देने के लिए 5 हजार रुपए लाने को कहा गया।

See also  छेरीखेड़ी से आगे बहेगी विकास की गंगा

संचालक ने स्कूटी वापस करने के लिए मांगे 50 हजार

आईसी मार्ट से लौटने के बाद छात्रा ने डर की वजह से घर में अपने पिता को इस घटना के बारे में कुछ नहीं बताया। उसने अपने परिचित एएसआई को इसकी जानकारी दी। इसके बाद एएसआई आईसी मार्ट पहुंचे। संचालक ने स्कूटी वापस करने के लिए पहले 20 हजार रुपए की मांग की।

एएसआई ने संचालक से छात्रा की स्कूटी वापस करने कहा तो संचालक ने कथित तौर पर बताया कि, स्कूटी दूसरी जगह भेज दी गई है और सुबह आकर ले जाने को कहा। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद बुधवार (8 जुलाई) सुबह छात्रा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा खुद आईसी मार्ट पहुंचे।

शिवनाथ सिंह पैकरा ने बताया कि संचालक ने स्कूटी वापस करने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की। उनके पास 20 हजार रुपए थे, लेकिन संचालक ने इसके बाद भी स्कूटी लौटाने से इनकार कर दिया।

छात्रा ने घर में लगाई फांसी, मां की हालत बिगड़ी

आरक्षक ने पूरी घटना की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी को दी, जो मायके सूरजपुर गई थीं। जब छात्रा को इस बारे में पता चला तो वह काफी परेशान और डर गई। दोपहर करीब 2 बजे रितु सिंह की मां बस से बैकुंठपुर पहुंची।

See also  बिहार देश का सबसे गरीब राज्य, कुपोषित राज्यों में छत्तीसगढ़ 5वें नंबर पर, जानें कौन हैं सबसे अमीर राज्य, नीति आयोग की रिपोर्ट में खुलासा

उस समय उसके पिता उन्हें लेने बस स्टैंड गए हुए थे। इस दौरान छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। जब दोनों घर पहुंचे तो उन्हें पूजा सिंह का शव फांसी पर झूलता मिला। घटना के बाद पूजा की मां की मानसिक हालत बिगड़ गई है। उसे जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है। वह बार-बार बेहोश हो जा रही है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

थाने का घेराव, विधायक भी पहुंचे, कहा- न्याय मिलेगा

पूजा सिंह को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पुलिस परिवार एकजुट होकर थाने का घेराव कर दिया। बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने पुलिस परिवार की महिलाओं से चर्चा की और कहा कि बेटी को न्याय मिलेगा, मैं आपके साथ हूं। पुलिसकर्मियों को कार्रवाई के निर्देश दिए कि, जो भी दोषी हैं, उन्हें गिरफ्तार जाए।

पुलिस परिवार के सदस्यों ने एफआईआर दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराने के लिए कहा। पुलिस परिवार के सदस्यों ने मांग रखी है कि अब कभी दुकान नहीं खुलनी चाहिए। आरोपी को पकड़कर उसका जुलूस निकाला जाए।

See also  छत्तीसगढ़ में हेलमेट पर नया फरमान: अब पीछे बैठने वाले को भी पहनना होगा हेलमेट, नियम तोड़ा तो अफसरों पर गिरेगी गाज

इस दौरान कोरिया ASP सुरेशा चौबे की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए। पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। अंबिकापुर से साइबर एक्सपर्ट की टीम ने सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं। घटना के बाद से संचालक फरार है।

पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर 

पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। अंबिकापुर से साइबर एक्सपर्ट की टीम भी जांच के लिए बैकुंठपुर पहुंची। टीम ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज समेत बाकी सबूतों की जांच की। घटना के बाद से आईसी मार्ट का संचालक फरार है।

संचालक समेत 3 के खिलाफ FIR

बैकुंठपुर पुलिस ने मार्ट संचालक दीपक बैद, विनोद बैद और जगत बैद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, जबरन वसूली और सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने के आरोप में केस दर्ज किया है।

भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 107, 308(2), 309(4) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v) सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जांच पूरी कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।