दुर्ग/बालोद। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। लगभग हर दिन प्रदेश के किसी न किसी जिले से भीषण दुर्घटना की खबर आ रही है। गुरुवार को दुर्ग और बालोद जिले में हुए दो अलग-अलग हादसों ने 3 परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में 3 युवाओं की मौत हो गई जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ही मामलों में तेज रफ्तार को मुख्य वजह माना जा रहा है।
Bhilai: शराब के नशे में पेड़ से टकराई कार, दो दोस्तों की मौत: दुर्ग जिले के भिलाई में गुरुवार सुबह करीब 4 बजे दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सेक्टर 6 निवासी दो युवक दीपक गुप्ता और कौशिक दास अपनी कार से भिलाई सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान गुंडिचा मंडप के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

आसपास के लोगों की सूचना पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव सुपेला मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें शराब की बोतलें मिलीं। भिलाई नगर थाना पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हादसा नशे की वजह से तो नहीं हुआ।

बालोद: शादी से लौटते समय हादसा, इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर मौत: दूसरा हादसा बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हुआ। डौंडी नगर के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ चिपरा गांव में चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। तभी हिन्दू होटल के पास उनकी स्विफ्ट कार बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।

इस हादसे में कार में सवार 21 वर्षीय शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई। शारदा बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और बुआ की शादी में घर आई हुई थी। हादसे में कार सवार 5 अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 112 की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दल्लीराजहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार बढ़ रहे हादसे, प्रशासन की चिंता बढ़ी: पिछले कुछ महीनों में छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है। तेज रफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाना और रात में लापरवाही से ड्राइविंग इन हादसों की प्रमुख वजह बनकर सामने आ रही है। पुलिस और परिवहन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
FAQ:
सवाल 1: भिलाई में हुआ हादसा कब और कहां हुआ?
जवाब: गुरुवार सुबह 4 बजे भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सेंट्रल एवेन्यू मार्ग, गुंडिचा मंडप के पास हुआ। तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई थी।
सवाल 2: भिलाई हादसे में किनकी मौत हुई?
जवाब: सेक्टर 6 भिलाई निवासी दीपक गुप्ता और कौशिक दास की मौत हुई। पुलिस को कार से शराब की बोतलें भी मिली हैं।
सवाल 3: बालोद का हादसा कैसे हुआ?
जवाब: दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिन्दू होटल के पास शादी से लौट रही स्विफ्ट कार बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में इंजीनियरिंग पढ़ने वाली 21 वर्षीय शारदा पाटिल की मौके पर मौत हो गई। कार में सवार 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
सवाल 5: पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
जवाब: दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। भिलाई में शराब के एंगल से जांच हो रही है, वहीं बालोद में लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है।


