गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। नगर पंचायत मरवाही में लगी भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का विवाद अब तूल पकड़ रहा है। प्रतिमा में दरारें और रंगत उड़ने की खबर सामने आते ही सोमवार को दफ्तर खुलने के बाद पॉलिश और मरम्मत की लीपापोती शुरू कर दी गई। ताजा तस्वीरों में प्रतिमा पर नई परत, पुट्टी और मरम्मत के निशान साफ दिख रहे हैं।

सवाल उठ रहा है कि तकनीकी जांच के बिना ये मरम्मत क्यों की गई? और लाखों की लागत से बनी कांस्य प्रतिमा इतनी जल्दी खराब कैसे हुई?

दरारें और उड़ती रंगत से खुला स्कैम

मरवाही नगर पंचायत में स्थापित अटल जी की प्रतिमा में पिछले कुछ दिनों से चेहरे की रंगत उड़ने के साथ ही शरीर पर जगह-जगह दरारें दिखाई दे रही थीं।

कटघोरा की प्रतिमा से बेहतर बताई जाने वाली इस लाखों रुपये की कथित कांस्य मूर्ति की हालत देखकर सवाल उठे कि गुणवत्ता और स्थापना में कहीं गड़बड़ी तो नहीं। मूर्ति में जगह–जगह दरारें पड़ने से यह तो तय हो गया कि इसकी गुणवत्ता में पोल है, मगर इसे जिस तरह छुपाने का प्रयास किया गया, उससे संदेह और गहरा गया है।

See also  BIG BREAKING : एक साथ 14 वन अधिकारियों-कर्मियों के निलंबन की मंत्री ने की घोषणा, मामला मरवाही में पुलिया और स्टॉप डेम निर्माण में गड़बड़ी का

खबर आते ही शुरू हुई लीपापोती

जैसे ही मामला मीडिया में आया, सोमवार को दफ्तर खुलते ही नगर पंचायत ने प्रतिमा के चेहरे पर पॉलिश और दरारों पर पुट्टी-मरम्मत का काम शुरू करवा दिया।

अब प्रतिमा की तस्वीरों में विभिन्न हिस्सों पर नई परत और मरम्मत के निशान साफ दिख रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि ये बदनीयती को छिपाने का प्रयास है। डेंटिंग-पेंटिंग से वो ओरिजनल चमक वापस नहीं आ सकती।

बड़ा सवाल: बिना तकनीकी जांच के मरम्मत क्यों?

स्थानीय लोगों और विपक्ष ने 3 सवाल उठाए हैं:

  1. तकनीकी जांच हुई या नहीं? क्या किसी सक्षम एजेंसी से प्रतिमा की जांच कराई गई?
  2. रिपोर्ट कहां है? अगर जांच हुई तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की गई?
  3. जल्दबाजी क्यों? बिना जांच के तुरंत मरम्मत का आदेश किसने दिया?

चूंकि प्रतिमा का निर्माण सार्वजनिक धन से हुआ है, इसलिए निर्माण सामग्री, गुणवत्ता और स्थापना प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच जरूरी मानी जा रही है।

See also  ट्रक समेत 33 लाख का विस्फोटक पदार्थ जब्त, दो गिरफ्तार

प्रशासन से स्पष्टीकरण की मांग

अब सबकी निगाहें नगर पंचायत और संबंधित विभाग पर हैं। क्या प्रशासन सिर्फ सतही मरम्मत कर मामले को रफा-दफा करेगा, या निर्माण में गड़बड़ी और जिम्मेदारी तय करने के लिए विस्तृत जांच भी कराएगा? बहरहाल अभी तक नगर पंचायत या विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

FAQ: मरवाही अटल मूर्ति विवाद

सवाल 1. कहां की प्रतिमा है ?

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले, नगर पंचायत मरवाही में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा।

सवाल 2. क्या समस्या आई ?

प्रतिमा के चेहरे की रंगत उड़ना और शरीर पर दरारें आना।

सवाल 3. अब क्या किया गया ?

खबर सामने आते ही पॉलिश, पुट्टी और मरम्मत की लीपापोती शुरू।

सवाल 4. मुख्य आरोप क्या है ?

बिना तकनीकी जांच के मरम्मत कर गुणवत्ता की गड़बड़ी छिपाने का प्रयास।

सवाल 5. लोग क्या मांग कर रहे ?

प्रतिमा की निष्पक्ष तकनीकी जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई।