रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 45 करोड़ रुपये के नकली नोट दिलाने का झांसा देकर 1.13 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।

ट्रेडिंग कारोबारी उमेश गुप्ता को महाराष्ट्र के जालसाजों ने पहले विश्वास में लिया, फिर होटलों में बैठकें कर मोटी रकम ठग ली। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने नकली नोट के धंधे में फंसाने की धमकी भी दी। तेलीबांधा पुलिस ने केस दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ जांच शुरू कर दी है।

असली नोट दिखाकर दिया झांसा

पुलिस के अनुसार, पीड़ित कारोबारी उमेश गुप्ता ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के कुछ लोग लंबे समय से कारोबारी के संपर्क में थे और लेन-देन के जरिए उन्होंने उनका विश्वास जीत लिया था।

इसी दौरान आरोपियों ने कारोबारी को असली नोट दिखाकर उन्हें नकली नोट बताने का दावा किया और कहा कि उनके पास बड़े पैमाने पर नकली नोट उपलब्ध कराने वाला नेटवर्क है। इसके बाद उन्होंने 45 करोड़ रुपये के नकली नोट उपलब्ध कराने का लालच दिया।

See also  TRP Breaking : अमन सिंह कल आएंगे रायपुर, EOW ने किया तलब

होटलों में हुई बैठकें, फिर ले लिए 1.13 करोड़

इस कथित सौदे को अंतिम रूप देने के लिए तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अलग-अलग होटलों में कई दौर की बैठकें हुईं। जालसाजों ने खुद को बड़े नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही नकली नोटों की खेप उपलब्ध करा दी जाएगी। आखिरकार कारोबारी ने आरोपियों को 1.13 करोड़ रुपये दे दिए।

रायपुर-नागपुर में हुआ रकम का ट्रांसफर

पुलिस के मुताबिक, रकम मिलने के बाद आरोपियों ने उसका कुछ हिस्सा रायपुर में और बाकी नागपुर में ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद वे लगातार कभी सुरक्षा व्यवस्था, कभी डिलीवरी और कभी खेप आने का बहाना बनाकर कारोबारी को टालते रहे। जब कारोबारी ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे नकली नोट के कारोबार में फंसाने की धमकी दी और रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया।

पुलिस ने शुरू की ठगों की तलाश

अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास होने पर कारोबारी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

See also  कांग्रेस पार्टी का है विकास के साथ 36 का आंकड़ा-जेपी नड्डा

FAQ: रायपुर नकली नोट ठगी मामला

सवाल 1. कितने की ठगी हुई ?

1.13 करोड़ रुपये की ठगी हुई

सवाल 2. कितने के नकली नोट का लालच दिया ?

45 करोड़ रुपये के नकली नोट का

सवाल 3. आरोपी कहां के हैं ?

महाराष्ट्र के जालसाज

सवाल 4. रकम कहां ट्रांसफर हुई ?

रायपुर और नागपुर में

सवाल 5. कहां दर्ज हुआ केस ?

तेलीबांधा थाना, रायपुर