Chamba Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर समेत 8 लोगों की मौत हुई है। करीब 7 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
महज 3 किलोमीटर चलने के बाद हुआ हादसा
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक शर्मा ट्रैवलर्स की बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने करीब 3 किलोमीटर का सफर ही तय किया था कि चालुज मोड़ के पास चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से नीचे गुजर रही दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल तीसा भेजा गया। मौके पर राहत और बचाव कार्य अभी जारी है।
मलबे में यात्रियों के दबे होने की आशंका
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ और यात्री बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी भी सूचना मिलते ही मौके पर राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंच गए।
हादसे की जांच करेगी पुलिस
चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम को राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजा गया। घायलों को सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी।
FAQs
1. चंबा बस हादसा कहां हुआ?
हादसा चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर हुआ।
2. हादसा कब हुआ?
हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ।
3. हादसे में कितने लोगों की मौत हुई?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर समेत 8 लोगों की मौत हुई है।
4. हादसे में कितने लोग घायल हुए?
करीब 7 घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
5. घायलों को कहां भर्ती कराया गया?
घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया है।


