Chhattisgarh Grain ATM: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी PDS को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने शनिवार को रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में ग्रेन एटीएम का ऑनलाइन शुभारंभ किया। इस व्यवस्था से राशन कार्ड हितग्राहियों को लंबी कतार में लगने से राहत मिलेगी और वे अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे एटीएम से चावल ले सकेंगे।
पहली बार छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ Grain ATM
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार ग्रेन एटीएम की व्यवस्था शुरू की गई है। इसकी शुरुआत रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग से हुई है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ देश का पांचवां राज्य बन गया है, जहां एटीएम के जरिए चावल निकालने की सुविधा उपलब्ध होगी।
दूसरे राज्यों के राशन कार्ड हितग्राही भी ले सकेंगे चावल
इस ग्रेन एटीएम की एक खास बात यह है कि केवल छत्तीसगढ़ के हितग्राही ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के राशन कार्ड हितग्राही भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। इस व्यवस्था से राशन वितरण को अधिक सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में मदद मिलेगी।
24 घंटे मिलेगी चावल निकालने की सुविधा
ग्रेन एटीएम को 24 घंटे संचालित किया जाएगा। यानी हितग्राही राशन दुकान खुलने के समय का इंतजार किए बिना अपनी सुविधा के मुताबिक चावल ले सकेंगे। मंत्री के अनुसार, एटीएम की सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। सभी मशीनों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं और सुरक्षा के लिए गार्ड भी मौजूद रहेगा।
2500 किलो चावल रखने की क्षमता
एक ग्रेन एटीएम की क्षमता 2500 किलोग्राम है। मशीन में चावल की लोडिंग भी स्वचालित तरीके से होगी। इस व्यवस्था से राशन वितरण में लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलने के साथ हितग्राहियों को अपनी सुविधा और समय के अनुसार राशन लेने की सुविधा मिलेगी।


