नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मतों की गिनती सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। दिल्ली नगर निगम के 250 वार्ड के लिए चार दिसंबर को मतदान हुआ, जिसमें 1,349 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है। चुनाव में इस बार 50.48 प्रतिशत मतदान हुआ।


अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। अधिकारियों ने यहां मंगलवार को बताया था कि वे मतगणना के लिए तैयार हैं और मतगणना के लिए 42 केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव के परिणाम का राष्ट्रीय राजधानी से परे प्रभाव हो सकता है, जिसे आम आदमी पार्टी , भाजपा और कांग्रेस  के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है।


आप और भाजपा ने जीत दर्ज करने का विश्वास जताया है, जबकि कांग्रेस खोई हुई जमीन हासिल करना चाहती है। चुनाव पूर्व अधिकांश सर्वेक्षण में ‘आप’ की जीत का पूर्वानुमान लगाया गया है। इसमें भाजपा दूसरे और कांग्रेस  तीसरे स्थान पर है। आप’ ने इस चुनाव में 138 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, वहीं भाजपा और कांग्रेस ने क्रमश: 136 और 129 को उम्मीदवार बनाया था।

See also  राहुल गांधी ने चांदनी चौक की गलियों में खाए गोलगप्पे और पिया शर्बत, देखें तस्वीरें


मतगणना केंद्र शास्त्री पार्क, यमुना विहार, मयूर विहार, नंद नगरी, द्बारका, ओखला, मंगोलपुरी, पीतमपुरा, अलीपुर और मॉडल टाउन जैसे क्षेत्रों में बनाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 20 टुकड़ियां और 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इससे पहले 2017 के नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 270 वार्ड में से 181 पर जीत दर्ज की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीट पर मतदान नहीं हो सका। ‘आप’ ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे। उस साल करीब 53 प्रतिशत मतदान हुआ था।