रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के छोटे से आदिवासी गांव घुइतांगर से निकलकर यूरोप के ट्रैक पर अपना परचम लहराने वाले अनिमेष कुजूर ने देश का नाम रौशन कर दिया है। उन्होंने 5 जुलाई को ग्रीस के वारी शहर में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ सिर्फ 10.18 सेकंड में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया है।

हालांकि इस रेस में अनिमेष ने तीसरा स्थान हासिल किया लेकिन उनका समय भारत के लिए ऐतिहासिक बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुरिंदरवीर सिंह के नाम था, जिन्होंने 10.20 सेकंड में 100 मीटर स्प्रिंट पूरी की थी। रेस में 10.01 सेकंड के समय के साथ पहले स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के बेंजामिन रिचर्डसन और 10.12 सेकंड के समय के साथ दूसरे पर ओमान के अली अल बलूशी रहे।

सेना का सपना बना एथलेटिक्स की उड़ान

अनिमेष की शुरुआत एक सामान्य ग्रामीण छात्र की तरह हुई थी। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल अंबिकापुर से पूरी की और उनका सपना था भारतीय सेना में शामिल होना। 2020 में 12वीं पास करने के बाद वे सेना की तैयारी में जुटे थे, लेकिन फुटबॉल खेलते हुए अचानक उनकी दौड़ने की क्षमता सामने आई।

See also  ‘मैं सदमे में था… पूरा राज्य हमसे छीन लिया गया’…राहुल गांधी का EC पर बड़ा आरोप

कोविड महामारी के दौरान दोस्तों के कहने पर उन्होंने एक ओपन टूर्नामेंट में 100 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया जिसके बाद उनकी ज़िंदगी की दिशा बदल गई। एक के बाद एक टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हुए उन्हें एहसास हुआ कि ट्रैक पर ही वे खुद को पूर्ण महसूस करते हैं।

कोच ने संवारा अनिमेश का करियर

ओडिशा स्थित रिलायंस फाउंडेशन एथलेटिक्स हाई परफॉर्मेंस सेंटर में एक प्रतियोगिता के दौरान कोच मार्टिन ओवेंस की नजर जब अनिमेष पर पड़ी, तो उन्होंने उन्हें प्रशिक्षण के लिए बुलाया। मार्टिन ने बताया, “शुरुआत में तकनीकी खामियां थीं, लेकिन उनकी गति और जुनून जबरदस्त था।” यही समर्पण आज उन्हें भारत के शीर्ष धावकों की श्रेणी में ले आया है।

200 मीटर रेस में भी सबसे तेज अनिमेश

2024 में स्पेन में आयोजित एक प्रतियोगिता में अनिमेष ने 100 मीटर दौड़ 10.27 सेकंड में पूरी की थी, जो उस समय उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। वहीं 2025 में जेनेवा मीट में उन्होंने 200 मीटर की रेस 20.27 सेकंड में पूरी की जो एक भारतीय द्वारा दौड़ा गया सबसे तेज समय है। हालांकि, तकनीकी कारणों से यह रिकॉर्ड मान्य नहीं हो सका क्योंकि उस समय हवा की गति तय सीमा (2 मीटर/सेकंड) से अधिक थी।

See also  नहीं रहे मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश सारंग, मुंबई के अस्पताल में हुआ निधन

दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड ब्रेकर हैं अनिमेश

ग्रीस में 100 मीटर दौड़ के साथ-साथ अनिमेष ने दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान 200 मीटर की रेस में भी नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड (20.32 सेकंड) बनाया है। अब उनके नाम भारत के 100 और 200 मीटर दोनों रिकॉर्ड दर्ज हैं।

अनिमेश की पारिवारिक पृष्ठभूमि

अनिमेष के माता-पिता छत्तीसगढ़ पुलिस में DSP हैं। वे कहते हैं कि उन्हें बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व है और यह केवल एक शुरुआत है। अनिमेष खुद कहते हैं, “अब जब यूरोप में दौड़ और ट्रेनिंग का अनुभव मिला है, तो समझ में आया कि अभी बहुत कुछ सीखना बाकी है। मैं अपनी पूरी जान लगाकर दौड़ूंगा।”