टीआरपी डेस्क। Matrimony Fraud Racket : रायपुर रेंज पुलिस ने Operation Cyber Shield के तहत एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गैंग ने सोशल मीडिया पर महिलाओं की फर्जी प्रोफाइल बनाकर देशभर में ठगी का जाल फैला रखा था।
पुलिस ने इस गिरोह के 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जो बिलासपुर और जमशेदपुर में फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। इनकी प्रोफाइल पर 50 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जिनका उपयोग फर्जी मैट्रिमोनी और चैटिंग फ्रॉड में किया जाता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम, फेसबुक समेत 262 फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट चला रहे थे। इन प्रोफाइल पर महिलाओं की असली तस्वीरें लगाकर फर्जी मोबाइल नंबर शेयर किए जाते थे। जो लोग विवाह या संपर्क के लिए कॉल करते, उन्हें “बायोडाटा” या “पता दिखाने” के बहाने ठगा जाता था। ठग कई राज्यों में हजारों लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज 79 म्यूल बैंक अकाउंट की जांच के बाद कार्रवाई की। संदिग्ध ट्रांजैक्शन मिलने पर डीडी नगर थाने में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद टीम ने जमशेदपुर और बिलासपुर में छापेमारी कर गैंग के सभी 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 36 मोबाइल फोन, लैपटॉप, फर्जी सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त कर लिया है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क पिछले 2 साल से सक्रिय था और करोड़ों की साइबर ठगी को अंजाम दे चुका है।
79 म्यूल अकाउंट की जांच में फंसे आरोपित
साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्टेड म्यूल बैंक अकाउंट्स की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान HDFC बैंक में खुले 79 म्यूल बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजैक्शन पाए गए। इस आधार पर रायपुर के डीडी नगर थाने में अपराध दर्ज किया गया था। जिसके बाद पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से मिली जानकारी और मोबाइल डाटा विश्लेषण के आधार पर टीम ने जमशेदपुर और बिलासपुर में दबिश दी। कार्रवाई में जमशेदपुर से 3 और बिलासपुर से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क पिछले 2 साल से सक्रिय था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की सूचि
- शुभम दास,(26), चाकुलिया, जमशेदपुर (झारखंड)
- लक्ष्मण गोप, (29), लोधाषोली, जमशेदपुर (झारखंड)
- असित पातर, (24), काला पाथर, जमशेदपुर (झारखंड)
- सूरज कुमार पटेल, (21), सरकंडा, बिलासपुर
- सुखसागर कैवर्त, (22), पठान मोहल्ला, बिलासपुर
- मानसु डाहिरे, (21), रामायण चौक, बिलासपुर
- अनिकेत कुलदीप, (20), रायगढ़
- करण पुष्पकार, (22), पुराना सरकंडा, बिलासपुर
- रमाकांत गंधर्व, (22), पंडरिया, कबीरधाम
- सिराज खान, (20), अशोक नगर, बिलासपुर
- त्रियंबक कुमार भास्कर उर्फ बाबू,(27), कोरिया
Matrimony Fraud Racket : पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल या लिंक पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।



