0 एफआईआर के बाद पुलिस ने एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
जांजगीर। कम समय में अमीर बनने का सपना दिखाकर ग्लोबल सॉल्यूशंस ट्रेडिंग कंपनी ने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये वसूल लिए। कंपनी ने दावा किया था कि अगर कोई व्यक्ति निवेश करेगा तो उसे रोजाना एक प्रतिशत रिटर्न मिलेगा और महज 10 महीने में उसकी रकम दोगुनी करके वापस कर दी जाएगी। इस लालच में आकर लोगों ने 6 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निवेश कर दी।
मियाद पूरी होने के बाद संचालकों ने रंग दिखाया
बताया जाता है कि समय-सीमा पूरी होने के बाद जब निवेशकों ने अपने पैसे मांगे तो कंपनी के संचालकों ने टालमटोल शुरू कर दी। एक के बाद एक बहाने बनाने लगे और फिर फोन उठाना भी बंद कर दिया। शिकायत मिलने पर पत्थलगांव पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया। इनमें से मुख्य आरोपी संतोष साहू को शनिवार को नवागढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं संतोष का दावा है कि उसने खुद भी कंपनी में डेढ़ करोड़ रुपये लगाए हैं। दूसरा आरोपी आलम कंपनी का असली संचालक बताया जा रहा है, जो अभी फरार है।
अनेक जिलों में फैला रखा था नेटवर्क
कंपनी ने प्रदेश के कई जिलों में अपना नेटवर्क तैयार किया था। एजेंटों के जरिए लोगों को भरोसे में लेकर मोटी रकम जमा कराई गई। पुलिस अब कंपनी के बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल डाटा और अन्य फाइनेंशियल रिकॉर्ड खंगाल रही है। अनुमान है कि अगर और शिकायतें सामने आईं तो जिले में ठगी की रकम 6 करोड़ से कहीं अधिक हो सकती है।


