पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए आज मतदान जारी है। इस चरण में 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सारण, सीवान, गोपालगंज, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर समेत कुल 18 जिलों में मतदान हो रहा है।

सुबह सात बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम पांच बजे तक चलेगी। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए लगभग 4.5 लाख सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पहले चरण में करीब 3.75 करोड़ मतदाता 1,314 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन उम्मीदवारों में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विपक्षी गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव जैसे दिग्गज भी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर संदेश जारी कर मतदाताओं से अपील की, “बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। सभी मतदाता पूरे उत्साह से मतदान करें। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को विशेष बधाई। याद रखें– पहले मतदान, फिर जलपान।”

See also  जरा हटके: छत्तीसगढ़ की इस महिला के पति हैं सुपर स्टार सलमान खान....!

वोटिंग के बीच कुछ जगहों से मतदाताओं को मतदान न करने देने की शिकायतें भी सामने आई हैं। श्रेया मेहता और अनुपमा शर्मा नाम की दो महिलाओं ने दावा किया कि उन्हें पर्ची न होने की वजह से वोट डालने नहीं दिया गया, जबकि उनके नाम मतदाता सूची में मौजूद हैं।

छपरा सीट से आरजेडी प्रत्याशी और अभिनेता खेसारी लाल यादव ने कहा कि वे बिहार को बेहतर बनाने के लिए राजनीति में आए हैं। आरजेडी नेता मीसा भारती ने मतदान के बाद कहा कि जनता बदलाव चाहती है और इस बार कांग्रेस-राजद गठबंधन निश्चित रूप से सरकार बनाएगा।

तेजस्वी यादव ने मतदाताओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदान करने की अपील की। वहीं, जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से सरकार बनेगी।

लखीसराय से भाजपा प्रत्याशी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मतदान के बाद कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हर बिहारी को शामिल होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में विकास और सुशासन की सरकार फिर लौटेगी।

See also  विदेश यात्राः इन देशों की यात्रा के लिए एयर इंडिया ने शुरू की टिकटों की बुकिंग, 9 से 14 मई तक के लिए कराए गए टिकट बुक

बिहार भाजपा संगठन महासचिव भीखूभाई दलसानिया ने पटना के दीघा स्थित मिलर हाई स्कूल मतदान केंद्र पर वोट डालकर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई।

राज्य के अधिकांश मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें दिखीं। मौसम साफ रहने से मतदान प्रतिशत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।