Chhattisgarh Assembly: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल और महारानी अस्पताल में कैंसर क्लिनिक के निर्माण का मामला सदन में उठाया। इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि दोनों परियोजनाओं पर जनवरी से काम शुरू कर दिया जाएगा।
प्रश्नकाल के दौरान किरण सिंह देव ने महारानी अस्पताल में प्रस्तावित कैंसर क्लिनिक के निर्माण की स्वीकृति को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि स्वीकृति कब दी गई और अब तक निर्माण की प्रक्रिया किस स्तर पर पहुंची है। मंत्री ने बताया कि कैंसर क्लिनिक के निर्माण की स्वीकृति 12 जून 2025 को दी गई थी।
इस पर विधायक ने कहा कि स्वीकृति के छह महीने बाद भी केवल टेंडर की प्रक्रिया ही चल रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने निर्माण में हो रही देरी पर चिंता जताई।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब में बताया कि करीब सात महीने पहले प्रवास के दौरान माताओं के लिए एमआरडी भवन की मांग सामने आई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए एमआरडी भवन की स्वीकृति दी गई। तकनीकी प्रक्रिया के तहत प्राइवेट एजेंसी से डीपीआर तैयार कराई जाती है और ईएनसी के माध्यम से स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
इस पर किरण सिंह देव ने फिर सवाल उठाया कि जब छह महीने तक टेंडर प्रक्रिया ही आगे नहीं बढ़ी, तो निर्माण कब शुरू होगा। साथ ही उन्होंने सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल के निर्माण की समय-सीमा भी स्पष्ट करने की मांग की।
स्वास्थ्य मंत्री ने सदन में आश्वासन दिया कि सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल और कैंसर क्लिनिक, दोनों के निर्माण कार्य जनवरी से शुरू कर दिए जाएंगे।


