बिलासपुर। जिला कलेक्ट्रेट में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता कंधे पर धान की बोरियां लादे हुए नजर आये। इनके साथ किसान भी मौजूद थे। इस सांकेतिक प्रदर्शन के जरिये धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग सरकार से की गई।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में आ रही परेशानियों को लेकर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के साथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है। कांग्रेस के नेता अपने साथ धान से भरी बोरियां भी लाये थे। इनके साथ आये किसानों ने बताया कि जिले में धान खरीदी समितियों के माध्यम से की जा रही है, लेकिन खरीदी की सीमित क्षमता और प्रतिदिन तय लिमिट के कारण समय पर धान नहीं खरीदा जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया है कि टोकन कटने के बाद भी कई समितियों में धान खरीदी नहीं हो पा रही है। किसान सुबह से शाम तक समिति परिसरों में अपने धान बेचने का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन शाम को यह कहकर लौटा दिया जाता है कि उस दिन की खरीदी की लिमिट पूरी हो चुकी है। अगले दिन फिर आने की बात कही जाती है, जिससे किसानों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि परिवहन और मजदूरी का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है।

See also  साइबर ठगी की ऑनलाइन कोचिंग, एक लाख रुपये तक फीस लेकर सिखा रहे थे ठगी का कारोबार

कांग्रेस नेता विजय केशरवानी और किसानों ने यह भी बताया कि उनके पास पहले से ही संसाधनों की कमी है। गांव से समिति तक धान लाने के बाद पूरे दिन इंतजार करने के बावजूद धान नहीं बिक पाता, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। कई किसानों की फसल अब भी घरों और खलिहानों में पड़ी हुई है, जबकि खरीदी प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच रही है। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की है कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली सभी धान खरीदी समितियों की दैनिक खरीदी लिमिट बढ़ाई जाए और टोकन के आधार पर धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया जाए, ताकि किसानों का धान तय समय में खरीदा जा सके।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर कलेक्ट्रेट का घेराव एवं आंदोलन करने पर विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

See also  छत्तीसगढ़ के अफसरों के लिए बड़ी खुशखबरी! सरकार ने बदला नियम, अब 50% पदों पर होगी सीधी पदोन्नति