टीआरपी डेस्क। चंडीगढ़ में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों और पंजाब सचिवालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी भरे मेल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। मेल में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अगले दो दिनों के भीतर इन ठिकानों पर धमाके किए जाएंगे।

निशाने पर प्रतिष्ठित स्कूल और सरकारी भवन

धमकी भरे ईमेल में मुख्य रूप से इन ठिकानों का जिक्र किया गया है। इनमें डीपीएस (DPS) स्कूल, संत कबीर स्कूल, विवेक हाई स्कूल, सेक्टर-38 और पंजाब सचिवालय (Punjab Secretariat) को धमकी मिली है।

स्कूल खाली कराए गए, सर्च ऑपरेशन जारी

धमकी मिलते ही संबंधित स्कूलों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली करा लिया गया है। मौके पर बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वॉड की टीमें पहुंच गई हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं। सचिवालय परिसर में भी सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है और हर आने-जाने वाले की गहन तलाशी ली जा रही है।

See also  Haryana Violence: नूंह के बाद पलवल-गुरुग्राम में भी भड़की हिंसा, अब तक 6 की मौत, दिल्ली से यूपी तक अलर्ट जारी

“घबराएं नहीं, अफवाहों से बचें” – पुलिस

चंडीगढ़ पुलिस की साइबर सेल अब उस ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत ‘112’ पर दें।

महीने भर में दूसरी बड़ी घटना

हैरानी की बात यह है कि करीब एक महीने पहले भी चंडीगढ़ के लगभग 30 स्कूलों को इसी तरह ईमेल के जरिए धमकी मिली थी। उस समय भी गहन जांच के बाद कुछ हासिल नहीं हुआ था। लगातार मिल रही इन धमकियों ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस के लिए सिरदर्द बढ़ा दिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन सभी धमकियों के पीछे कोई एक ही गिरोह या शरारती तत्व सक्रिय है।

See also  Bomb Threat : अब RBI को आया धमकी भरा कॉल, कहा - लश्कर-ए-तैयबा का CEO बोल रहा हूं, मुंबई पुलिस जांच में जुटी