Zomato Platform Fee Hike: अगर आप भी ऑफिस की थकान के बाद या वीकेंड पर जोमैटो से खाना ऑर्डर करने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपकी जेब ढीली कर सकती है। दिग्गज फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो (Zomato) ने शुक्रवार से अपने हर ऑर्डर पर लगने वाली प्लेटफॉर्म फीस में 19% की भारी बढ़ोतरी कर दी है। अब आपको हर निवाले के लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

₹12.50 से बढ़कर ₹14.90 हुई फीस

बता दें कि जोमैटो यूजर्स को अब हर ऑर्डर पर ₹12.50 के बजाय ₹14.90 प्लेटफॉर्म फीस देनी होगी। ध्यान रहे कि इसमें GST अभी शामिल नहीं है, यानी टैक्स जुड़ने के बाद यह राशि और भी ज्यादा हो जाएगी। जोमैटो के ऐप पर ये नई दरें आज से ही लागू कर दी गई हैं। दरअसल, यह फीस डिलीवरी चार्ज, रेस्तरां चार्ज और GST से बिल्कुल अलग होती है, जो कंपनी अपने ऐप के रखरखाव के नाम पर वसूलती है।

See also  छत्तीसगढ़ में बदलने जा रहा है UG-PG भर्ती में बॉन्ड का नियम, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा…

7 महीने में दूसरी बार बढ़ी कीमतें, ₹2 से ₹15 तक का सफर

गौरतलब है कि जोमैटो ने महज 7 महीने के भीतर दूसरी बार यह फीस बढ़ाई है। अगस्त 2023 में इसकी शुरुआत सिर्फ ₹2 से हुई थी। जनवरी 2024 में यह ₹4 हुई और फिर धीरे-धीरे बढ़कर ₹7 और ₹12.50 तक पहुंच गई। अब यह ₹14.90 पर पहुंच चुकी है, जो लगभग स्विगी (Swiggy) के बराबर ही है।

क्यों बढ़ाए गए दाम?

ग्राउंड सूत्रों की मानें तो इस बढ़ोतरी के पीछे ऑपरेशनल कॉस्ट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें एक बड़ी वजह हैं। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण पेट्रोल-डीजल महंगा हुआ है, जिससे डिलीवरी पार्टनर्स का खर्च बढ़ गया है। इसके अलावा, कंपनी अपना मुनाफा (Profitability) सुधारने के लिए भी समय-समय पर यह कदम उठा रही है। बता दें कि जोमैटो रोजाना करीब 20 से 25 लाख ऑर्डर डिलीवर करता है, ऐसे में ₹2 की बढ़त भी कंपनी के खजाने में करोड़ों रुपये जमा करेगी।

See also  कोरोना ब्रेकिंग- छत्तीसगढ़ में सामने आए 7 नए मरीज, प्रदेश में अब तक कुल 25 मामले, 15 का चल रहा है इलाज