टीआरपी डेस्क। फिल्म जगत से आज हनुमान जयंती के खास मौके पर साल की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। फिल्ममेकर नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म Ramayana का टीजर आज रिलीज कर दिया गया है। 2 मिनट 38 सेकंड की इस पहली झलक ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। रणबीर कपूर का अलौकिक राम अवतार देखकर फैंस मंत्रमुग्ध हो गए हैं, वहीं रावण के रूप में यश की एंट्री ने रोंगटे खड़े कर दिए हैं।
रणबीर का पराक्रम और यश का खौफनाक ऑरा
टीजर की शुरुआत भक्ति और इमोशंस से भरे दृश्यों के साथ होती है। रणबीर कपूर भगवान श्री राम के रूप में बेहद शांत और तेजस्वी नजर आ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि पूरे टीजर में सिर्फ रणबीर कपूर का चेहरा साफ दिखाया गया है। टीजर के अंत में रावण बने यश की झलक दिखाई देती है। लंबी-चौड़ी कद-काठी, काले वस्त्र और सिर पर मुकुट पहने यश का बैक लुक ही फैंस के होश उड़ाने के लिए काफी था। सीन में रावण के भव्य पुष्पक विमान की झलक भी दिखाई गई है, जो फिल्म की विशालता को दर्शाती है।
रवि दुबे और साई पल्लवी की दिखी झलक
गौरतलब है कि टीजर में लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे और माता सीता के रूप में साई पल्लवी की धुंधली (Blur) झलक दिखाई गई है। हालांकि, बैकग्राउंड में सनी देओल की दमदार आवाज राम पुकारते हुए सुनाई देती है, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस का कहना है कि यश का ऑरा इतना जबरदस्त है कि वह इस रोल के लिए ही जन्मे हैं।
आदिपुरुष और ओम राउत पर चले मीम्स के बाण
रामायण का टीजर देखने के बाद इंटरनेट पर आदिपुरुष के डायरेक्टर ओम राउत को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। एक यूजर ने लिखा इसे कहते हैं असली रामायण ओम राउत को अब अंडरग्राउंड हो जाना चाहिए। हालांकि, कुछ लोग फिल्म में भारी AI और VFX के इस्तेमाल को लेकर थोड़े निराश भी दिखे। उनका कहना है कि हॉलीवुड जैसा ट्रीटमेंट देने के चक्कर में कहीं रामायण की असली आत्मा न खो जाए।
दिवाली पर धमाका करेंगे नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन और नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी Ramayana Part 1 इसी साल दिवाली के मौके पर अक्टूबर में रिलीज होने वाली है। फिल्म की भव्यता को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स इसे ‘ग्लोबल हिट’ मान रहे हैं। अब फैंस को इसके ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार है, जिसमें पूरी स्टारकास्ट के चेहरे रिवील होने की उम्मीद है।



