टीआरपी डेस्क। IPL 2026 में आज भी दो मुकाबले खेले जाएंगे। सीजन का 10वां मुकाबला हैदराबाद के ऐतिहासिक राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दोपहर 3:30 बजे शुरू होने वाले इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) आमने-सामने होंगी। जहाँ हैदराबाद अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी, वहीं लखनऊ इस सीजन की पहली जीत की तलाश में एड़ी-चोटी का जोर लगाएगी। वहीं 11 वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच भिड़ंत होगी।
पैट कमिंस आज भी बाहर
दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस इस मैच में भी उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी अनुपस्थिति में आज भी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी शानदार फॉर्म में है, जो हैदराबाद के लिए सबसे बड़ा प्लस पॉइंट है।
हेड-टू-हेड: हैदराबाद का पलड़ा भारी
आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से:
- सनराइजर्स हैदराबाद: 4 जीत
- लखनऊ सुपर जायंट्स: 2 जीत
गौरतलब है कि पिछले 3 मुकाबलों में भी हैदराबाद ने 2 बार जीत दर्ज की है। हालांकि, हैदराबाद के इस मैदान पर दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। लखनऊ के निकोलस पूरन का रिकॉर्ड इस टीम के खिलाफ बेहतरीन है, जो हैदराबाद के गेंदबाजों के लिए सिरदर्द बन सकते हैं।
पिच रिपोर्ट और मौसम का मिजाज
हैदराबाद की पिच हमेशा से बल्लेबाजों की स्वर्ग रही है। यहाँ गेंद सीधे बल्ले पर आती है और बाउंड्री छोटी होने के कारण 200+ का स्कोर बनना लगभग तय माना जा रहा है।
गेंदबाजी: शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजों का राज होगा।
मौसम: आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और मैच के दौरान बारिश की संभावना भी जताई गई है। अगर बारिश होती है, तो तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद मिल सकती है।
इन सितारों पर रहेगी नजर
बता दें कि लखनऊ के लिए ऋषभ पंत, निकोलस पूरन और मिचेल मार्श अहम कड़ी साबित होंगे। वहीं हैदराबाद की उम्मीदें हेनरिक क्लासेन और ट्रेविस हेड जैसे पावर-हिटर्स पर टिकी हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, सलील अरोड़ा, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल।
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG): मिचेल मार्श, ऋषभ पंत, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, आवेश खान/मोहसिन खान, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी।



