धर्म डेस्क। Rog Panchak May 2026: रविवार का दिन और दोपहर का वक्त… ठीक इसी समय से देशभर में पंचक का साया शुरू होने जा रहा है। ज्योतिष शास्त्र की दुनिया में इसे सबसे अशुभ माना जाता है, लेकिन इस बार मामला और भी गंभीर है। इस बार रविवार से शुरू होने के कारण इसे रोग पंचक कहा जा रहा है। ज्योतिषियों और जानकारों का साफ कहना है कि अगले 5 दिन आपकी एक छोटी सी लापरवाही न केवल आपके शुभ कार्यों को बिगाड़ सकती है, बल्कि आपकी सेहत पर भी भारी पड़ सकती है।
तारीख और समय: कब से कब तक रहेगा साया?
सूत्रों से मिली जानकारी और पंचांग की गणना के अनुसार, मई के इस महीने में पंचक 10 मई (रविवार) को दोपहर 12 बजकर 08 मिनट से शुरू होगा। यह कोई एक-दो दिन की बात नहीं है, बल्कि पूरे 5 दिनों तक इसका असर रहेगा। प्रशासन और विद्वानों का मानना है कि 14 मई की रात 10 बजकर 34 मिनट तक किसी भी बड़े जोखिम वाले काम से बचना ही समझदारी है।
क्या है रोग पंचक
जब चंद्रमा कुंभ और मीन राशि में रहते हुए धनिष्ठा, शतभिषा, पूर्वाभाद्रपद, उत्तराभाद्रपद और रेवती नक्षत्रों से गुजरता है, तो पंचक लगता है। शास्त्रों के अनुसार, जो पंचक रविवार से शुरू होता है, वह सीधे तौर पर शरीर और मन को चोट पहुंचाता है। यही वजह है कि इसे रोग पंचक कहते हैं। जानकारों का कहना है कि इस दौरान पुरानी बीमारियां अचानक उभर सकती हैं और घर में कलह या मानसिक तनाव का माहौल बन सकता है।
इन लोगों की बढ़ सकती है मुसीबत, रहें अलर्ट
- ऐसे बुजुर्ग और बच्चे जिनकी इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) कम है।
- जो लोग पहले से ही किसी लंबी बीमारी का इलाज करा रहे हैं।
- वो लोग जिन्हें डिप्रेशन या एंग्जायटी की समस्या रहती है।
- ऐसे कर्मचारी या व्यापारी जिन्हें काम के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ती है।
भूलकर भी न करें ये 4 काम, वरना होगा नुकसान
- दक्षिण की यात्रा से बचें: दक्षिण दिशा यमराज की मानी जाती है, इस दौरान इस दिशा में जाना जान-माल का जोखिम बढ़ा सकता है।
- घर की छत न डलवाएं: अगर आपका मकान बन रहा है, तो इन 5 दिनों के लिए लेंटर या छत डालने का काम रोक दें।
- ईंधन का स्टॉक न करें: सूखी घास या लकड़ी इकट्ठा करना आग लगने की घटना को दावत दे सकता है।
- शुभ कार्यों पर ब्रेक: शादी, सगाई या कोई भी मांगलिक काम इस दौरान पूरी तरह वर्जित है, क्योंकि इनमें सफलता मिलने की उम्मीद न के बराबर होती है।



