टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा उलटफेर शुरू हो चुका है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए गंभीर चेतावनी जारी कर दी है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के बाद अब मध्य इलाकों में भी मौसम ने करवट ली है जिससे चिलचिलाती धूप के बीच अंधड़ और बारिश की स्थिति बन रही है।
पांच दिनों तक बना रहेगा आसमानी संकट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी संभागों में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बादल गरजने और वज्रपात की प्रबल संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ और हवा के चक्रीय परिसंचरण के कारण द्रोणिका का प्रभाव उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक बना हुआ है जिसके चलते हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में आज ऐसा रहेगा हाल
राजधानी रायपुर में आज आसमान बादलों से घिरा रहेगा और शाम तक गरज-चमक के साथ बारिश की पूरी संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बादलों की आवाजाही से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी जिससे झुलसाती गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
दुर्ग में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम के दो अलग रूप देखने को मिले हैं। जहां दुर्ग में पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और लोग सबसे ज्यादा गर्मी से बेहाल रहे वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई जिससे उमस और गर्मी के बीच तापमान में मामूली बदलाव देखा गया है।


