महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 की उपधारा 2 के खंड जे, एन और एम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस सुबह सबेरे ले गई अस्पताल

कल ही गिरफ्तार किये गए नरेंद्र शास्त्री को पुलिस आज सुबह सबेरे लेकर जिला अस्पताल गई और विधिवत उनका मेडिकल परीक्षण कराया। आनन फानन में ले जाए गए शास्त्री के साथ उनके कुछ कथित ‘भक्त’ भी मौजूद थे, जो इस प्रयास में जुटे हुए थे कि शास्त्री जी की फोटू न खिंच जाए।

न्यायालय में पेश करने की तैयारी

जानकारी के मुताबिक पीड़िता के आवेदन और प्रारंभिक जांच के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

See also  कॉलेज छात्रा की रेप के बाद हत्या करने वाला उसका प्रेमी ही निकला, आरोपी गिरफ्तार

सिलयारी से बागबाहरा लाई पुलिस

सूत्रों के मुताबिक आरोपी नरेंद्र शास्त्री रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र का निवासी है। कथावाचन और ज्योतिषाचार्य के रूप में उसकी पहचान रही है। वह भविष्यवाणी और धार्मिक कार्यक्रमों के कारण चर्चित रहा है। स्थानीय स्तर पर उसे चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा के रूप में भी जाना जाता है। महासमुंद पुलिस की टीम आरोपी को सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लेकर आई है।

हाई प्रोफाइल मामला

मामले की संवेदनशीलता और आरोपी की सार्वजनिक पहचान को देखते हुए इसे हाई प्रोफाइल मामला माना जा रहा है। हालांकि मामले को लेकर महासमुंद पुलिस के अधिकारियों ने फिलहाल विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

इधर गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

See also  पुराना धान बेचने पहुंचे किसान, प्रशासन ने किया जब्त, दूसरे जिले से अवैध परिवहन कर लाया गया धान भी पकड़ाया