रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट के साथ लैंडिंग के समय एक चिड़िया टकरा गई (बर्ड हिट)। गनीमत यह रही कि इस घटना से विमान या यात्रियों को किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं पहुंची और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस तकनीकी जांच और प्रक्रिया की वजह से विमान ने अपने तय समय से दो घंटे की देरी से वापस उड़ान भरी।

लैंडिंग के तुरंत बाद की गई विमान की तकनीकी जांच

एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया का यह विमान दिल्ली से उड़ान भरकर सुबह रायपुर पहुंचा था। जैसे ही पायलट विमान को रनवे पर लैंड करा रहा था, उसी दौरान एक चिड़िया उससे टकरा गई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रनवे पर उतारा। हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा और एहतियात के तौर पर इंजीनियर्स की टीम ने विमान की सघन तकनीकी जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इंजन या विंग्स में कोई खराबी तो नहीं आई है।

See also  अब राजनांदगांव प्रशासन पर उठे सवाल, सम्मान के नाम पर किया गया अपमान! कचरा गाड़ियों में लाई गईं लखपति दीदियां

यात्रियों को करना पड़ा इंतजार, 2 घंटे लेट हुई फ्लाइट

पूरी जांच और क्लीयरेंस मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी गई। इस पूरी कवायद और सुरक्षा चेकिंग के कारण रायपुर से वापस दिल्ली जाने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। एयर इंडिया के इस विमान ने अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से रायपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरी। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए बर्ड हिट की घटनाओं के बाद पूरी जांच अनिवार्य होती है।