टीआरपी डेस्क। CJP Protest : देश में बार-बार होने वाले पेपर लीक के खिलाफ आज शनिवार, 20 जून को देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। युवा नेतृत्व वाले संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले आयोजित इस दूसरे बड़े प्रदर्शन में देशभर के हजारों छात्र और अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान गो-प्रधान-गो के नारे लगाए गए।

थाली और चम्मच बजाकर किया विरोध

दरअसल, इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि प्रदर्शनकारी अपने साथ ‘थाली और चम्मच’ लेकर पहुंचे थे। गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पहले ही सोशल मीडिया पर युवाओं से थाली-चम्मच लाने की अपील की थी।

प्रधानमंत्री को पत्र, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े

आंदोलन से ठीक पहले अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र भी लिखा है। इस पत्र में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है। इसके साथ ही, सीजेपी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी हुई है।

See also  बर्फ की वादियों में सर्द सबेरा….. स्विट्जरलैंड नहीं जनाब ये अपना कश्मीर है

पारदर्शिता और सख्त कार्रवाई की मांग

यह जंतर-मंतर पर सीजेपी का दूसरा बड़ा आंदोलन है। प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि:

  • प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों और लेटलतीफी से लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है।
  • परीक्षा प्रबंधन प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जाए।
  • पेपर लीक और धांधली के पीछे छिपे असली दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई हो जो नजीर बने।