NDA Parliamentary Meeting: संसद भवन परिसर में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में एनडीए संसदीय बैठक आयोजित हुई। मंगल मिलन नाम से हुई इस बैठक में संसद की रणनीति, मुक्त व्यापार समझौतों और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस बैठक की खास बात यह रही कि हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल हुए सांसदों ने भी पहली बार इसमें हिस्सा लिया।
सार्वजनिक परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा
बैठक ऐसे समय हुई, जब लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा की तैयारी चल रही है। यह विधेयक केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में पेश किया था। बैठक में सांसदों से इस विधेयक के समर्थन की अपील भी की गई।
पहली बार शामिल हुए NCPI के सांसद
बैठक में हाल ही में NCPI में शामिल हुए सांसदों ने पहली बार NDA संसदीय दल की बैठक में भाग लिया। NCPI सांसद सयोनी घोष ने बैठक के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में यह एक ज्ञानवर्धक और जानकारीपूर्ण सत्र था। उन्होंने बताया कि बैठक में मुक्त व्यापार समझौतों पर विस्तार से चर्चा हुई और इसे सकारात्मक संवाद बताया।
20 सांसदों को मिला आमंत्रण
NCPI सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि पहली बार पार्टी के 20 सांसदों को NDA की मंगल मिलन बैठक में आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि बैठक में देश की आर्थिक प्रगति, मुक्त व्यापार समझौतों और किसानों से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। उनके अनुसार, बैठक में उपलब्ध कराए गए तथ्यों और आंकड़ों से सांसद जनता के बीच इन विषयों को बेहतर तरीके से रख सकेंगे।


