Clashed with police: रासुका के तहत जेल भेजे जा रहे आदतन अपराधी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने की कोशिश में जमकर हंगामा हुआ। आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट, गाली-गलौज और रास्ता रोकने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने नगर पालिका सभापति समेत करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जेल से छूटते ही रासुका में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक लल्ला सोनवानी उर्फ टुम्मन 5 अगस्त 2026 को आबकारी एक्ट में जेल से छूटकर घर आया था। अगले दिन 6 अगस्त को जिला दंडाधिकारी रायपुर द्वारा उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई के आदेश मिले। थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम उसे पकड़ने सदर रोड स्थित घर पहुंची। रास्ते में स्कॉर्पियो से भागते समय पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
अस्पताल और रास्ते में किया हंगामा, फिल्मी स्टाइल में पीछा
मुलाहिजे के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाते समय आरोपी की मां, दोनों पत्नियां और अन्य लोग पहुंचे और पुलिस से धक्का-मुक्की व गाली-गलौज की। मुलाहिजे के बाद जब पुलिस टीम रायपुर जेल के लिए निकली तो यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल और खुलेश कुमार रात्रे समेत अन्य लोग स्कॉर्पियो और 4 बाइक से पीछा करने लगे। आरोप है कि फिल्मी स्टाइल में बाइक से पुलिस वाहन को डंडों से मारकर रोका गया। ग्राम पिपरौद के पास पुलिस वाहन रोककर दरवाजे खोलकर लल्ला को छुड़ाने की कोशिश की गई।
पेट्रोल बम और थाना उड़ाने की धमकी का आरोप
प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह की शिकायत में कहा गया है कि लल्ला ने पुलिसकर्मियों को 100 लोगों से थाना घेराव कराने, हरिजन एक्ट और बलात्कार केस में फंसाने की धमकी दी। साथ ही पेट्रोल बम से पुलिस वाहन जलाने और कलेक्टर-एसपी बंगले उड़ाने की धमकी भी दी गई। स्थिति बिगड़ने पर सीएसपी को सूचना देकर पुलिस वाहन वापस थाने लाया गया।
पालिका सभापति समेत 15 गिरफ्तार, नगर में निकला जुलूस
घटना के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए नगर पालिका सभापति केकती सोनवानी सहित महिलाओं और युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों का नगर में जुलूस निकाला गया। कानून व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस ने लल्ला, उसकी मां, दोनों पत्नियों और अन्य के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 126(2), 132, 221, 296, 351(2) और 61 के तहत केस दर्ज किया है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।
नगरवासियों ने की पुलिस की सराहना
इस कार्रवाई को लेकर पूरे नगर में चर्चा रही। लोगों ने पुलिस की सख्ती की तारीफ की और कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने वालों पर ऐसी कार्रवाई जरूरी है। सीएसपी तुलसी लेकाम, एसडीएम रवि सिंह, थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे और सत्येंद्र सिंह श्याम मौके पर मौजूद थे।
FAQ: नवापारा-राजिम पुलिस से झड़प मामला
सवाल 1. कौन था मुख्य आरोपी ?
लल्ला सोनवानी उर्फ टुम्मन, आदतन अपराधी
सवाल 2. पुलिस से झड़प क्यों हुई ?
रासुका में जेल भेजे जा रहे आरोपी को परिजनों और समर्थकों ने छुड़ाने की कोशिश की
सवाल 3. कितने लोग गिरफ्तार हुए ?
करीब 15 लोग, जिनमें पालिका सभापति केकती सोनवानी भी शामिल है
सवाल 4. आरोपियों पर क्या धाराएं लगीं ?
BNS धारा 115(2), 126(2), 132, 221, 296, 351(2), 61
सवाल 5. पुलिस ने आगे क्या कहा ?
वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई होगी। सरकारी काम में बाधा बर्दाश्त नहीं होगी


