Trisha Krishnan Controversy: तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। AIADMK के वरिष्ठ नेता आर.बी. उदयकुमार ने थूथुकुडी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तृषा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उनके बयान के बाद तृषा के फैंस नाराज हो गए और मदुरै में पोस्टर लगाकर नेता से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
विजय पर निशाना साधने के दौरान तृषा का जिक्र
आर.बी. उदयकुमार तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) प्रमुख और अभिनेता विजय की राजनीतिक भूमिका पर हमला बोल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने तृषा का जिक्र किया और कहा कि तमिलनाडु इस बात का इंतजार कर रहा है कि विजय की चहेती तृषा को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उदयकुमार कावेरी जल विवाद को लेकर राज्य सरकार की कथित विफलता और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को सरकारी समितियों में जगह दिए जाने की आलोचना कर रहे थे।
तृषा के फैंस ने लगाए पोस्टर
AIADMK नेता की टिप्पणी सामने आने के बाद तृषा के प्रशंसकों में नाराजगी देखी गई। तृषा फैंस एसोसिएशन ने मदुरै में कई जगह पोस्टर लगाए। इनमें उदयकुमार के बयान की निंदा करते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई।
पहले भी तृषा को लेकर हो चुकी है टिप्पणी
तृषा कृष्णन को लेकर यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले डीएमके नेता और तमिलनाडु के पूर्व मंत्री उदयनिधि स्टालिन पर भी एक रैली के दौरान अभिनेत्री को लेकर डबल मीनिंग टिप्पणी करने के आरोप लगे थे। इस मामले में TVK की महिला विंग ने तंजावुर में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने उदयनिधि को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी। हालांकि, डीएमके ने कहा था कि उदयनिधि के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।
बीजेपी नेता भी कर चुके हैं टिप्पणी
इससे पहले बीजेपी नेता नैनार नागेंद्रन ने भी अभिनेता विजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर निशाना साधते हुए तृषा को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। ताजा विवाद के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नेताओं के बयानों और फिल्म अभिनेत्रियों को राजनीतिक हमलों में घसीटे जाने को लेकर बहस फिर तेज हो गई है।


