रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 3 नवंबर 2026 को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे राजधानी रायपुर में कई विकास कार्यों का लोकार्पण करने के साथ ही भव्य छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। प्रशासन ने उनके दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया है।
दोपहर 3:05 बजे रायपुर पहुंचेंगे गृह मंत्री
आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह दोपहर 12:55 बजे दिल्ली (6A, कृष्णा मेनन मार्ग) से रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे पालम एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे और वहां से विशेष विमान से प्रस्थान करेंगे। दोपहर 3:05 बजे उनका स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर आगमन होगा। एयरपोर्ट से वे सीधे सड़क मार्ग से पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लिए रवाना होंगे, जहां दोपहर 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
पीपल वन में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण
अस्पताल के कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री शाम 5:05 बजे नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 5:30 बजे उनका पीपल वन पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वे शाम 5:35 बजे से 5:45 बजे तक ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का आधिकारिक लोकार्पण करेंगे।
राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल
इसके बाद शाम 5:50 बजे वे पीपल वन से सीधे नया रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान के लिए रवाना होंगे। शाम 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक वे छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के भव्य समापन समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। समारोह के समापन के बाद रात 8:00 बजे उनका काफिला स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होगा, जहां से वे रात 8:20 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।



