बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में चार सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल अब आर-पार की लड़ाई में बदल गई है। हड़ताल तोड़ने के लिए सरकार ने सख्ती दिखाई और प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप सहित 100 से ज्यादा पटवारियों को निलंबित करने का आदेश WhatsApp पर भेज दिया।
आदेश आते ही पटवारी और भड़क गए। आज बलौदाबाजार के धरना स्थल पर पटवारियों ने निलंबन आदेश की फोटोकॉपी को बीच सड़क पर फाड़कर आग के हवाले कर दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश अध्यक्ष बोले – रिटायरमेंट करीब, प्रमोशन नहीं मिला
आज खुद प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप बलौदाबाजार धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने माइक से शासन और प्रशासन दोनों पर हमला बोला। उन्होंने कहा–
“हम आज रिटायर होने की कगार पर हैं, लेकिन आज तक एक भी पदोन्नति नहीं मिली। वेतन विसंगति है, PV ऐप में गड़बड़ी है, ये बात IAS अफसर भी जानते हैं, लेकिन सरकार को सही रिपोर्ट नहीं देते। हमारी जायज मांग सुनने के बजाय हमें निलंबित किया जा रहा है। ये दमनकारी नीति है, इसे पूरे प्रदेश में बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
उन्होंने चेतावनी दी – “प्रशासन अगर दमन करेगा तो हम आमरण अनशन पर बैठेंगे। जेल भेजना है तो भेज दो, हम जेल जाने से भी नहीं डरते, लेकिन इस बार मांग पूरी कराए बिना नहीं हटेंगे।”
संभागाध्यक्ष ने जलाई आदेश की प्रतियां
पटवारी संघ के संभागाध्यक्ष भावेश वर्मा ने कहा – “पटवारी संघ सरकार की दमनकारी नीति से डरने वाला नहीं है। आज हमने सांकेतिक तौर पर निलंबन आदेश की प्रतियां फाड़कर जलाई हैं। अगर सरकार का रवैया यही रहा तो आने वाले दिनों में हम आमरण अनशन करेंगे और प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन करेंगे।”
क्या है पूरा विवाद?
पटवारी संघ पिछले कई दिनों से 4 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। मुख्य मांगें – पदोन्नति, वेतन विसंगति दूर करना और PV ऐप की त्रुटि सुधारना है।
इधर हड़ताल से राजस्व काम ठप है तो सरकार अब एक-एक कर जिलों में पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई कर रही है। सिर्फ बलौदाबाजार में ही 100 से ज्यादा पटवारियों को WhatsApp पर निलंबन का मैसेज भेजा गया है, लेकिन कागज में अब तक किसी को ऑर्डर नहीं मिला है, इसी को लेकर पटवारी और नाराज हैं।
पटवारी संघ ने साफ कर दिया है – अब लड़ाई आर-पार की होगी। निलंबन से हड़ताल टूटने वाली नहीं, बल्कि और उग्र होगी।
FAQ: पटवारी हड़ताल
Q1. पटवारियों ने निलंबन आदेश क्यों जलाया?
A. चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों को सरकार ने WhatsApp पर 100 से ज्यादा पटवारियों का निलंबन आदेश भेजा। इसके विरोध में बलौदाबाजार धरना स्थल पर पटवारियों ने आदेश की प्रतियां फाड़कर जला दीं और इसे दमनकारी नीति बताया।
Q2. पटवारी संघ की मुख्य मांगें क्या हैं?
A. पटवारी संघ की 4 मुख्य मांगें हैं – पदोन्नति देना, वेतन विसंगति दूर करना और PV ऐप की त्रुटि सुधारना। प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप ने कहा कि कई पटवारी रिटायरमेंट के करीब हैं पर आज तक प्रमोशन नहीं मिला।
Q3. पटवारी संघ ने आगे क्या चेतावनी दी है?
A. पटवारी संघ के संभागाध्यक्ष भावेश वर्मा और प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार निलंबन जैसी दमनात्मक कार्रवाई जारी रखती है तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे और प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन करेंगे।



