Mahadev Betting App Case: महादेव सट्टा ऐप केस में सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया गया है। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने जांच एजेंसी को उसे पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय ले जाने की अनुमति दी है। अब सीबीआई मुख्यालय में उससे सट्टा नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
अदालत ने सीबीआई को सौरभ चंद्राकर से 8 दिनों तक हिरासत में पूछताछ करने की अनुमति दी है। जांच एजेंसी उसे दिल्ली स्थित मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करेगी। पूछताछ के दौरान पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सौरभ को शाम के समय अपने वकील से मिलने की अनुमति भी दी गई है।
6 हजार करोड़ के सट्टा नेटवर्क की जांच
सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, महादेव सट्टा ऐप से जुड़ा नेटवर्क करीब 6 हजार करोड़ रुपये का बताया जा रहा है। सीबीआई अब ऐप के संचालन, सट्टेबाजी के नेटवर्क, पैसों के लेन-देन, हवाला के जरिए रकम भेजने और कथित संरक्षण देने वालों की भूमिका की जांच कर रही है। पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
ईडी भी कर रही है मामले की जांच
महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सट्टेबाजी से कमाई गई रकम कहां-कहां भेजी गई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियां सामने आने की संभावना है।


