Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिला मुख्यालय के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में शिक्षक पर लगे आरोपों के बाद विवाद बढ़ गया। छात्रों और परिजनों ने शिक्षक नरेश तिवारी पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने, छात्राओं से गाली-गलौज और बदसलूकी करने के आरोप लगाए हैं। विरोध करने पर छात्रों के साथ मारपीट और शिकायत करने पर फेल करने की धमकी देने का भी आरोप है।
मामले की शिकायत लेकर छात्र और उनके परिजन स्कूल प्रबंधन के पास पहुंचे थे। इसी दौरान प्रिंसिपल के कक्ष में मीडियाकर्मियों और स्कूल प्रबंधन के बीच बातचीत चल रही थी। एक छात्र इस बातचीत का वीडियो बना रहा था। प्रिंसिपल ने उसे वीडियो बनाने से रोकते हुए कहा कि यह उनका आदेश है। छात्र के वीडियो बनाते रहने पर प्रिंसिपल ने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारियों की टीम स्कूल पहुंची और विद्यार्थियों, परिजनों, स्कूल प्रबंधन तथा संबंधित शिक्षक से जानकारी ली। जांच के बाद पुलिस शिक्षक को मेडिकल परीक्षण यानी मुलाहिजा के लिए अपने साथ ले गई।
शिक्षकों पर लगे कई आरोप
स्कूल में 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को विज्ञान पढ़ाने वाले व्याख्याता नरेश तिवारी पर छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों के मुताबिक, शिक्षक करीब एक सप्ताह पहले कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की। विरोध करने पर छात्रों के साथ मारपीट करने की बात भी सामने आई है। हालांकि, शिक्षक के नशे में होने की पुष्टि अभी मेडिकल जांच और प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
शिकायत करने की बात पर फेल करने की दी धमकी
छात्रों का कहना है कि शिक्षक के कथित व्यवहार से परेशान होकर उन्होंने मामले की शिकायत करने की बात कही थी। आरोप है कि इस पर शिक्षक ने उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी। इसके बाद छात्र अपने परिजनों के साथ स्कूल प्रबंधन के पास शिकायत लेकर पहुंचे। परिजनों ने भी शिक्षक के व्यवहार को लेकर स्कूल प्रबंधन के सामने अपनी बात रखी।
छात्र को थप्पड़ मारने का लगा आरोप
शिक्षक की शिकायत को लेकर स्कूल में बातचीत चल रही थी। प्रिंसिपल वंदनी श्रीवास्तव के कक्ष में मीडियाकर्मी और स्कूल प्रबंधन मौजूद थे। इसी दौरान एक छात्र ने अपने मोबाइल से बातचीत का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। प्रिंसिपल ने छात्र को वीडियो बनाने से मना किया। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा, “दिस इज माय ऑर्डर। इसके बावजूद छात्र वीडियो बनाता रहा। आरोप है कि इसके बाद प्रिंसिपल ने छात्र को थप्पड़ मार दिया।
कलेक्टर के निर्देश पर स्कूल पहुंची जांच टीम
शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद कलेक्टर ने मामले की जांच के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और तहसीलदार स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों और उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली। स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षक का पक्ष भी जाना गया। जांच टीम ने पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को दर्ज किया।



