Brihaspati Singh WhatsApp account hacked in Raipur cyber fraud case
पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह के WhatsApp अकाउंट से 28 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया।

Brihaspati Singh WhatsApp Hack: कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर उनके नाम और नंबर से परिचितों व समर्थकों को मैसेज भेजकर UPI के जरिए 28 हजार रुपये मांग रहा है। रकम रात 8 बजे तक वापस करने का भरोसा भी दिया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

रात 8 बजे तक पैसे लौटाने का भरोसा

जानकारी के मुताबिक, हैकर बृहस्पति सिंह के व्हाट्सएप नंबर से लोगों को मैसेज कर रहा है। वह कह रहा है कि उसे तत्काल पैसों की जरूरत है और उसका UPI काम नहीं कर रहा है। इसके बाद लोगों से 28 हजार रुपये भेजने को कहा जा रहा है। ठग भरोसा दिला रहा है कि पूरी रकम रात 8 बजे तक वापस कर दी जाएगी। भुगतान के लिए QR कोड भी भेजा जा रहा है या सीधे UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर करने को कहा जा रहा है।

पहले Hello, फिर मदद के बहाने मांगता है रकम

हैकर बातचीत की शुरुआत सामान्य मैसेज से कर रहा है। वह पहले Hello या एक हेल्प चाहिए थी जैसे संदेश भेजता है। सामने वाले के जवाब देने के बाद पैसों की जरूरत बताकर 28 हजार रुपये भेजने की मांग करता है। कई लोगों को QR कोड भेजकर भुगतान करने के लिए भी कहा गया। मैसेज मिलने के बाद कुछ लोगों ने बृहस्पति सिंह से सीधे संपर्क किया। इसके बाद व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की जानकारी सामने आई।

बृहस्पति सिंह ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें। बिना पुष्टि किए किसी तरह का भुगतान नहीं करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और हैकर उसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की साइबर जांच

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध मैसेज या भुगतान की मांग मिलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय थाने में शिकायत करने की अपील की है। इससे पहले गरियाबंद जिले में भाजपा के कई नेताओं के व्हाट्सएप अकाउंट भी हैक किए जा चुके हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।