Raipur Mall Parking Fee: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मॉल में पार्किंग शुल्क की अवैध वसूली का मामला एक बार फिर गरमा गया है।
प्रदेश सरकार और कोर्ट द्वारा मॉल में पार्किंग फीस वसूलने पर पूरी तरह रोक लगाए जाने के बावजूद मॉल संचालक इसका नया तोड़ निकालकर आम जनता की जेब ढीली कर रहे हैं। अब पार्किंग शुल्क की जगह ग्राहकों को ‘फैसिलिटी मेंटेनेंस चार्ज’ (Facility Maintenance Charges) के नाम पर रसीद थमाई जा रही है।
दो बड़े मॉल में सामने आया मामला
रायपुर के एक स्थानीय जागरूक नागरिक ने इस पूरे खेल का पर्दाफाश करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि 3 और 4 अक्टूबर को वे शहर के दो प्रमुख अविनाश मैग्नेटो मॉल और ज़ोरा द मॉल गए थे। दोनों ही जगहों पर गाड़ियों की एंट्री पर फैसिलिटी मेंटेनेंस चार्ज के नाम पर 30-30 रुपए की वसूली की गई। जब उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से इस अवैध वसूली का विरोध किया, तो उन्होंने इसे मॉल की नीति बताया।
सरकार और कोर्ट के आदेश बेअसर
वीडियो के जरिए सवाल उठाया गया है कि जब सरकार और अदालत दोनों ने ही साफ कर दिया है कि मॉल के अंदर किसी भी तरह का पार्किंग शुल्क लेना गैरकानूनी है, तब भी मॉल मालिक किस आधार पर यह रकम वसूल रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और प्रशासन मौन दर्शक बना हुआ है।
जनता और युवाओं से की विरोध की अपील
जागरूक नागरिक ने रायपुर के सभी नागरिकों और युवाओं से इस अन्याय के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा, जब भी आप किसी मॉल में जाएं और आपसे अवैध शुल्क मांगा जाए, तो तुरंत अपने मोबाइल से वीडियो बनाएं और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करें। उनका कहना है कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हर व्यक्ति को इस मनमानी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करनी होगी ताकि मॉल संचालक अवैध वसूली बंद करने पर मजबूर हों।





