Maoist-style incident in ‘Naxal-free’ Bastar: वर्ष 2026 में बस्तर को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद उत्तर बस्तर कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र में नक्सली वारदात जैसी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह पूरी घटना चेमल स्थित पुष्प स्टील लिमिटेड की निजी लौह अयस्क खदान की है। सोमवार शाम को काम खत्म होने के बाद मजदूर अपने कैंप में लौट गए थे। रात में अज्ञात लोगों ने खदान परिसर में खड़ी तीन चैन माउंट मशीनों में आग लगा दी। सुबह जब मजदूर काम पर पहुंचे तो मशीनों को जला और बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके से मिले दो पर्चे
घटना में सबसे अहम कड़ी घटनास्थल से दो पर्चों का मिलना है। बताया जा रहा है कि पर्चों में लिखा है कि माइंस को बार-बार बंद न करें, नियमित रूप से संचालित करें, सलामत चलाएं। इसके साथ ही एक सप्ताह के भीतर मांगें मानने जैसी बातें भी पर्चों में लिखे होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही लोहत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDOP शेर बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
भानुप्रतापपुर एएसपी आकाश श्रीश्रीमाल ने बताया, “चेमल स्थित पुष्प स्टील लिमिटेड की लौह अयस्क खदान में 3 मशीनों में आग लगाने की वारदात हुई है। नक्सलियों के जैसे पर्चे डालने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर जाकर हर एंगल से जांच कर रही है।”
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अन्य व्यक्ति या समूह ने नक्सली अंदाज में घटना को अंजाम तो नहीं दिया। अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है, नक्सली कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. कांकेर में क्या घटना हुई है?
Ans. कांकेर के दुर्गूकोंदल क्षेत्र के चेमल स्थित पुष्प स्टील लिमिटेड की लौह अयस्क खदान में अज्ञात लोगों ने 3 चैन माउंट मशीनों में आग लगा दी।
Q2. मौके से क्या बरामद हुआ?
Ans. घटनास्थल से दो पर्चे बरामद हुए हैं, जिनमें माइंस को बार-बार बंद न करने और नियमित संचालन की बात लिखी है।
Q3. क्या यह नक्सली घटना है?
Ans. पर्चे मिलने के बाद नक्सली कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है कि कहीं किसी अन्य समूह ने नक्सली अंदाज में घटना तो नहीं की।



