रायपुर। राजधानी रायपुर के कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से बिश्नोई गैंग के नाम पर 25 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले आरोपी शोएब ढेबर को पुलिस ने फरार घोषित किया है। रायपुर पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। आदेश में पुलिस अधिकारियों ने लिखा है कि, आरोपी लगातार पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदलकर फरार चल रहा है।
पुलिस ने कहा है कि शोएब ढेबर की गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम दिया जाएगा। बता दें कि रंगदारी मामले में पुलिस ने शोएब ढेबर को अरेस्ट किया था। लेकिन जमानत मिलने पर उसे छोड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने दोबारा कोर्ट से उसकी गिरफ्तारी की अनुमति ली। इसके बाद से शोएब ढेबर फरार है।
बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगे थे 25 करोड़
दरअसल, 14 सितंबर को आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से वॉट्सऐप के जरिए धमकी दी गई थी। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन कर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। इस केस की जांच के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आया।
जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, जमानत मिलने पर उसे छोड़ना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से उसकी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति ली। तब से शोएब फरार चल रहा है।
दो कॉन्स्टेबलों को अफसरों ने किया लाइन अटैच
शोएब ढेबर की तलाश में जुटे पुलिस अधिकारियों ने बीते दिनों एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर एक्शन लिया है। इन पुलिसकर्मियों का नाम कॉन्स्टेबल शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम बताया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों संबंधित केस में विभाग की गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है। हालांकि, कार्रवाई करने वाले अधिकारियों ने इन आरोपों की अधिकृत पुष्टि नहीं की है।
इससे पहले पूर्व महापौर से भी मांगे थे 50 करोड़
इससे पहले बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम से पूर्व महापौर एजाज ढेबर से भी 50 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। इस मामले में एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।
पुलिस अब दोनों मामलों के बीच किसी तरह का कनेक्शन है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।



