भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित देश के पहले पुनर्विकसित और 450 करोड़ रुपये की लागत से बने वर्ल्ड क्लास रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
सोमवार को स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दो भैंसें यात्रियों के बीच घूमती और दौड़ती नजर आईं। उस समय प्लेटफॉर्म पर शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी थी और यात्रियों की आवाजाही जारी थी।
160 सीसीटीवी और सुरक्षा दावों के बावजूद खुली पोल
सोमवार की इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दोनों भैंसें प्लेटफॉर्म पर घूमती दिख रही हैं और आसपास यात्री व रेलवे स्टाफ मौजूद हैं। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह गोबर भी बिखरा नजर आया। स्टेशन पर निगरानी के लिए करीब 160 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, फिर भी मवेशी मुख्य प्लेटफॉर्म तक पहुंच गए। स्टेशन प्रशासन के अनुसार, स्टेशन परिसर को चारों तरफ से सुरक्षित किया गया है, लेकिन कुछ एंट्री और एग्जिट हिस्से अभी खुले हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर इन्हीं खुले रास्तों से मवेशियों के स्टेशन के भीतर दाखिल होने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद स्टेशन के खुले हिस्सों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
रेल नीर की बोतलों पर कुत्ते की हरकत, जांच के आदेश
स्टेशन पर खान-पान की सामग्री की सुरक्षा से जुड़ी एक और शर्मनाक घटना सामने आई है। प्लेटफॉर्म पर रखी ‘रेल नीर’ पानी की बोतलों की पेटियों पर एक कुत्ता पेशाब करता हुआ दिखाई दिया। वहां मौजूद एक यात्री ने इस घटना की फोटो क्लिक कर रेलवे अधिकारियों से लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आने के बाद भोपाल रेल मंडल में हड़कंप मच गया है। भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता नवल अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को मामले की तत्काल जांच और दोषी वेंडर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
2021 में पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। इसमें मुख्य भवन और यात्री सुविधाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपये और व्यावसायिक विकास के लिए 350 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर 2021 को इस वर्ल्ड क्लास स्टेशन का उद्घाटन किया था। स्टेशन पर 84×36 मीटर का एसी एयर-कॉनकर्स, 11 एस्केलेटर, 6 लिफ्ट, 3 ट्रैवलेटर, एसी वेटिंग लाउंज और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं यात्रियों को यूरिनल के लिए ₹5, टॉयलेट के लिए ₹10 और स्नान के लिए ₹15 का शुल्क देना पड़ रहा है।



