Shoaib Dhebar Case में जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस विश्नोई गैंग के नाम से धमकी देकर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने शोएब ढेबर को आरोपी बनाया है। अब तकनीकी जांच में शहर के कुछ सट्टेबाजों और ड्रग्स बेचने वालों को भी धमकाने से जुड़े नंबर सामने आने की बात कही जा रही है।
मामले में एक भाजपा नेता के भतीजे का नाम भी चर्चा में है, लेकिन पुलिस ने उसे आरोपी नहीं बनाया है। वहीं शोएब को आरोपी बनाए जाने के बाद पुलिस उसके कथित मददगारों की भूमिका भी खंगाल रही है।
तकनीकी जांच में सामने आए कई नंबर
आनंद कुकरेजा की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की। इसी जांच में शोएब ढेबर का नाम सामने आया। जांच के दौरान उसके संपर्क में रहे लोगों की भूमिका भी पुलिस के रडार पर आई है। बताया जा रहा है कि मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच में ऐसे लोगों की जानकारी मिली है, जिन्हें कथित तौर पर धमकाया गया था।
अब कथित मददगारों की भी पड़ताल
शोएब का नाम सामने आने के बाद उसके आसपास सक्रिय लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में क्राइम ब्रांच के एक सिपाही समेत अन्य कथित मददगारों की चर्चा है। आरोप है कि ये लोग शोएब की भूमिका से जुड़ी जानकारी उसके वकीलों तक पहुंचाते थे। शोएब की गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट से छोड़ दिया गया। इसके बाद उसके फरार होने से पुलिस की कार्रवाई और गोपनीयता को लेकर सवाल उठे। अब जांच में उसके कथित मददगारों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
एजाज ढेबर को मिली धमकी की जांच पर भी सवाल
पूर्व महापौर एजाज ढेबर को मिली धमकी का मामला भी इस पूरे घटनाक्रम में चर्चा में है। उन्हें भी गैंगस्टर अमन साव के नाम से धमकी देकर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की बात सामने आई थी। हालांकि, इस मामले में अब तक धमकी देने वालों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह भी पता नहीं लगा सकी है कि पूर्व महापौर को धमकी देने के पीछे किसका हाथ था।
फरार शोएब की तलाश, इनाम की तैयारी
शोएब ढेबर की तलाश में पुलिस ने उसके घर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की है, लेकिन उसका पता नहीं चला। अब पुलिस उसके खिलाफ इनाम घोषित करने की तैयारी कर रही है। शोएब के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। वहीं उसके विदेश भागने की चर्चा भी है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।



