Silver Jewelry Cleaning: चांदी की पाजेब की चमक फीकी पड़ गई है और कालापन देखकर आप उसे साफ कराने के लिए सुनार के पास जाने वाली हैं? जरा रुकिए। आपकी रसोई में ही कुछ ऐसी चीजें मौजूद हैं, जिनकी मदद से घर पर ही पाजेब की सफाई की जा सकती है।
इसके लिए आपको अलग से पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं, घर पर चांदी की पाजेब साफ करने के कौन-कौन से आसान तरीके आजमाए जा सकते हैं।
चायपत्ती से ऐसे करें साफ
चांदी की पाजेब साफ करने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में दो गिलास पानी लें। इसमें दो चम्मच चायपत्ती और एक चम्मच कपड़े धोने का पाउडर डालें। अब पानी को उबलने दें। जब पानी में उबाल आ जाए तो इसमें एक चम्मच हल्दी पाउडर डालें। इसके बाद चांदी की पाजेब को इस मिश्रण में डाल दें। करीब दो मिनट बाद गैस बंद कर दें।मिश्रण ठंडा होने के बाद पाजेब को बाहर निकालें। दिए गए तरीके के अनुसार इससे पाजेब का कालापन दूर होकर उसकी चमक लौट सकती है।
बेकिंग सोडा का करें इस्तेमाल
अगर चांदी की पायल या बिछिया काली पड़ गई है तो बेकिंग सोडा का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसके लिए एक कटोरी में थोड़ा गुनगुना पानी लें। इसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। अब इस पेस्ट को नरम टूथब्रश या कपड़े की मदद से गहनों पर हल्के हाथों से लगाएं। इसे कुछ मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद धीरे-धीरे रगड़ें। इस तरीके से गहनों पर जमा गंदगी और कालापन साफ करने की कोशिश की जा सकती है।
एल्युमिनियम फॉयल से ऐसे चमकाएं
चांदी की पायल या बिछिया साफ करने के लिए एल्युमिनियम फॉयल का तरीका भी बताया गया है। इसके लिए एक बाउल में गर्म पानी लें। इसमें एल्युमिनियम फॉयल का एक टुकड़ा डालें। अब इसमें दो चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा नमक डालकर मिलाएं। मिश्रण तैयार होने के बाद चांदी के गहनों को इसमें करीब 10 मिनट तक डुबोकर रखें।इसके बाद गहनों को बाहर निकालकर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। दिए गए तरीके के अनुसार इससे पायल का कालापन दूर होकर उसकी चमक लौट सकती है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी दिए गए घरेलू तरीकों पर आधारित है। चांदी के गहनों की बनावट और गुणवत्ता अलग-अलग हो सकती है, इसलिए किसी भी तरीके को अपनाने से पहले सावधानी बरतें। नाजुक या खास डिजाइन वाले गहनों पर इस्तेमाल करने से पहले छोटे हिस्से पर जांच कर लें।



