Dongargarh Navratri Mela 2026: छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्रि मेले (11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026) के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।
हर साल की भांति इस वर्ष भी मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कई गाड़ियों का अस्थायी ठहराव, नई स्पेशल ट्रेनों का संचालन और कुछ प्रमुख ट्रेनों के मार्ग का विस्तार किया गया है।
मेमू पैसेंजर ट्रेनों का किया गया विस्तार
यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए रेलवे ने चुनिंदा मेमू पैसेंजर ट्रेनों के रूट का विस्तार किया है। इसके तहत गाड़ी संख्या 68742/68741 गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर को अब रायपुर तक विस्तारित किया गया है। वहीं, गाड़ी संख्या 68729/68730 रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर का विस्तार गोंदिया तक किया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
डोंगरगढ़-दुर्ग मेमू स्पेशल ट्रेन का संचालन
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को प्रबंधित करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा मेला अवधि के दौरान एक विशेष गाड़ी का संचालन भी किया जा रहा है। गाड़ी संख्या 06886/06885 डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन पटरियों पर दौड़ाई जाएगी। इस स्पेशल ट्रेन के चलने से लोकल रूट के यात्रियों को डोंगरगढ़ आने और जाने के लिए अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प मिल सकेगा।
10 प्रमुख दूरगामी एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ में अस्थायी ठहराव
मेला के दौरान लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए 10 प्रमुख दूरगामी एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ स्टेशन पर 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक अस्थायी ठहराव दिया गया है। इनमें बिलासपुर-भगत की कोठी (20843/20844), बिलासपुर-बीकानेर (20845/20846), बिलासपुर-चेन्नई (12851/12852), बिलासपुर-पुणे (12849/12850) और सिकंदराबाद-रायपुर (12771/12772) जैसी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं, जो निर्धारित समय पर डोंगरगढ़ स्टेशन पर रुकेंगी।
श्रद्धालुओं के लिए सुगम और सुरक्षित सफर की तैयारी
रेलवे प्रशासन के इस महत्वपूर्ण निर्णय से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश के अन्य हिस्सों से मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अवसर मिलेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा की गई इन व्यवस्थाओं से मेला के दौरान स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी।
- गाड़ी संख्या 20843 बिलासपुर भगत की कोठी डोंगरगढ़ स्टेशन पर 21.56 बजे पहुंच कर 21.58 बजे रवाना होगी।
- गाड़ी संख्या 20844 भगत की कोठी बिलासपुर एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 5:40 बजे पहुंच कर 5:42 बजे रवाना होगी
- गाड़ी संख्या 20845 बिलासपुर बीकानेर एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 21.56 बजे पहुंच कर 21.58 बजे रवाना होगी
- गाड़ी संख्या 20846 बीकानेर बिलासपुर एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 5:40 बजे पहुंच कर 5:42 बजे रवाना होगी
- गाड़ी संख्या 12851 बिलासपुर चेन्नई एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 12.16 बजे पहुंच कर 12:18 बजे रवाना होगी
- गाड़ी संख्या 12852 चेन्नई बिलासपुर एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10:18 बजे पहुंच कर 10. 20 बजे रवाना होगी
- गाड़ी संख्या 12849 बिलासपुर पुणे एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 14.36 बजे पहुंच कर 14.38 बजे रवाना होगी
- गाड़ी संख्या 12850 पुणे बिलासपुर एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 11.58 बजे पहुंच कर 12:00 रवाना होगी
- गाड़ी संख्या 12771 सिकंदराबाद रायपुर एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 1046 बजे पहुंच कर 10:48 बजे रवाना होगी.
- गाड़ी संख्या 12772 रायपुर सिकंदराबाद एक्सप्रेस डोंगरगढ़ स्टेशन पर 18:30 बजे पहुंच कर 18.32 बजे रवाना होगी।



