Missing African Grey Parrot Laddu: गुजरात के वडोदरा में छह महीने का पालतू तोता लड्डू शनिवार शाम अपने घर से उड़ गया। सेवासी इलाके में रहने वाली 35 वर्षीय जेसिका पारेख ने उसे वापस लाने वाले के लिए 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। जेसिका ने पड़ोसियों, वन विभाग, रेस्क्यू टीमों और सोशल मीडिया के जरिए उसकी तलाश शुरू कर रखी है।
हालांकि, चार दिन बीतने के बाद भी लड्डू का कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला है। इस बीच कुछ लोग उन्हें दूसरा तोता खरीदने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन जेसिका का कहना है कि उन्हें कोई दूसरा पक्षी नहीं, बल्कि अपना लड्डू ही चाहिए।
डिलीवरी लेने गईं, पीछे से पिंजरे की कुंडी खोलकर उड़ गया लड्डू
जेसिका के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7:24 बजे वह लड्डू को पिंजरे में खाना खिला रही थीं। इसी दौरान घर की घंटी बजी। डिलीवरी करने वाला व्यक्ति पार्सल लेकर आया था। जेसिका कुछ देर के लिए पार्सल लेने बाहर गईं। लड्डू पिंजरे में ही था, लेकिन उसे उसकी कुंडी खोलना आता था। जेसिका के बाहर जाते ही उसने कुंडी खोली और घर के मुख्य दरवाजे से उड़ गया। जब तक जेसिका कुछ समझ पातीं, वह आंखों से ओझल हो चुका था।
15 किलोमीटर से ज्यादा दूर जाने की संभावना कम
जेसिका को उम्मीद है कि लड्डू अभी आसपास के इलाके में ही कहीं छिपा होगा। उनका मानना है कि कम उम्र होने के कारण वह बहुत दूर तक नहीं उड़ पाया होगा। उनके मुताबिक, विदेशी प्रजाति के पक्षी आमतौर पर बहुत दूर तक नहीं जाते। घर के पास एक फार्महाउस में लड्डू के दिखने की सूचना भी मिली थी, लेकिन वहां तलाश करने के बावजूद वह नहीं मिला। जेसिका का कहना है कि लड्डू स्वभाव से शांत था। उसे शोर और लोगों की भीड़ पसंद नहीं थी। घर में मेहमान आने पर भी वह बिल्कुल शांत होकर बैठ जाता था। उन्हें चिंता है कि दिवाली के पटाखों की आवाज से लड्डू घबरा सकता है और किसी एकांत जगह पर छिपा हो सकता है।
वन विभाग और रेस्क्यू टीम से भी मांगी मदद
लड्डू की तलाश के लिए जेसिका ने पड़ोसियों के साथ वन विभाग और रेस्क्यू सेवाओं से संपर्क किया है। सोशल मीडिया पर भी उसकी तस्वीरें साझा की गई हैं, ताकि कोई उसे देखकर पहचान सके और परिवार को सूचना दे सके। वन विभाग ने जेसिका को भरोसा दिलाया है कि यदि उन्हें लड्डू की सही लोकेशन मिल जाती है, तो उसे पकड़ने में मदद की जाएगी। जेसिका को दूसरे पक्षी पालने वाले लोगों से भी फोन आ रहे हैं। कुछ लोगों ने उन्हें अपने अनुभव बताते हुए हिम्मत दी है कि उनके तोते आठ से दस दिन बाद भी घर लौट आए थे।
1 लाख के इनाम पर आने लगे दूसरे तोते बेचने के ऑफर
जेसिका ने लड्डू को खोजने वाले व्यक्ति के लिए 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके बाद उन्हें कई फोन कॉल आने लगे। कुछ लोगों ने तोते की जानकारी होने का दावा किया, जबकि कुछ ने इनाम की रकम से कम कीमत पर दूसरा ग्रे पैरट बेचने का प्रस्ताव दिया। कुछ लोगों ने ग्रे पैरट की तस्वीरों के साथ इनाम पाने के लिए QR कोड भी भेजे। जेसिका ने उनसे पक्षी का वीडियो भेजने को कहा है। उनका कहना है कि पक्षी की मालिक हैं और लड्डू के पैर में पहचान के लिए रिंग लगी हुई है। इससे वह असली लड्डू को पहचान सकती हैं। जेसिका का कहना है कि उन्हें सिर्फ अपना बच्चा वापस चाहिए।



