टीआरपी डेस्क। यूपी के कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कसेंदा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एंड्रॉइड मोबाइल की मांग पूरी न होने पर 14 वर्षीय छात्रा अलसमा ने सोमवार रात आत्महत्या कर ली। अलसमा गांव के गणेशदीन इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी।

परिवार वालों के अनुसार, अलसमा पिछले कुछ समय से ऑनलाइन पढ़ाई के लिए मोबाइल की ज़िद कर रही थी। उसके पिता चांद बाबू उर्फ चंदू फल का ठेला लगाकर परिवार का गुजारा करते हैं और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। सोमवार शाम को जब बेटी ने एक बार फिर मोबाइल की मांग की, तो उन्होंने डांट दिया। रात में अलसमा ने कमरे में जाकर छत से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

सुबह जब परिजन कमरे में पहुंचे तो घटना का पता चला। सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शव पर मिले चोट के निशान, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मृतका के सिर पर चोट और हाथ-पांव पर काले निशान मिले हैं। आशंका है कि फंदे पर झूलते समय दीवार से टकराने के कारण सिर पर चोट आई होगी, हालांकि हाथ-पांव के निशानों को लेकर जांच जारी है।

सीओ चायल अभिषेक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

पिता चांद बाबू ने बताया कि मैंने बच्चों की परवरिश में कोई कमी नहीं रखी। बेटी की मांग को पूरा करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हालात ऐसे नहीं थे कि तुरंत मोबाइल दिला पाता। सोचा था कुछ ही दिनों में खरीद दूंगा, लेकिन ये दिन देखना पड़ गया।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।